ताज़ा खबरें
लोड हो रहा है... ताज़ा खबरों के लिए बने रहें...
विज्ञापन
Ranchi
यह खबर कहाँ की हैरांची, झारखंड

निशा भगत की मौत पर बोलीं प्रिया मुंडा: पहले आगे बढ़ाया, फिर अकेला छोड़ दिया; राजनीति करने वाले बताएं रात में फोन आने पर बचाने क्यों नहीं पहुंचे?

रांची: आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की कथित आत्महत्या के बाद झारखंड में सियासी और सामाजिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस पूरे घटनाक्रम पर सामाजिक कार्यकर्ता प्रिया मुंडा ने तीखे सवाल खड़े किए हैं। लोकल खबर से बातचीत में उन्होंने कहा कि जब कोई महिला समाज या संगठन में उभरती है, तो सबसे पहले उसका चरित्र हनन कर उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया जाता है। प्रिया मुंडा के अनुसार, निशा भगत के साथ भी यही हुआ—उन्हें पहले आगे बढ़ाया गया और फिर दबाव के वक्त बिल्कुल अकेला छोड़ दिया गया।

प्रिया मुंडा ने सीधे तौर पर सवाल उठाया कि जो लोग आज अस्पताल और मीडिया के सामने निशा को अपनी बेटी या करीबी बता रहे हैं, वे उस रात मदद के लिए क्यों नहीं पहुंचे जब निशा ने खुद उन्हें फोन कर अपनी परेशानी बताई थी?

Advertisement

‘रात में कॉल आया तो पिठोरिया टीम को क्यों नहीं भेजा?’

प्रिया मुंडा ने उन सामाजिक कार्यकर्ताओं और नेताओं पर सवाल दागे, जिन्होंने निशा द्वारा खुदकुशी से ठीक पहले संपर्क किए जाने की बात सार्वजनिक रूप से कही है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय सुरक्षा मंच और अन्य संगठनों से जुड़े लोगों का गढ़ पिठोरिया इलाके में है। अगर मेघा उरांव, सन्नी टोप्पो या निशा सिंहमार के पास रात में या सुबह फोन आया था और निशा ने अपनी परेशानी बताई थी, तो तुरंत उनके घर किसी को क्यों नहीं भेजा गया?

“जब किसी बेटी या बहन का फोन इतनी गंभीर मानसिक स्थिति में आता है, तो एक कॉल पर स्थानीय टीम को मौके पर भेजा जा सकता था। अगर समय रहते कोई पहुंच जाता, तो शायद निशा आज जिंदा होती। लेकिन उनके जाने के बाद सिर्फ बयानबाजी और सियासत की जा रही है।”

— प्रिया मुंडा, सामाजिक कार्यकर्ता

पुलिस की भूमिका और अनदेखी का आरोप

प्रिया मुंडा ने पुलिस-प्रशासन के रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि निशा भगत ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले पिठोरिया थाना से संपर्क साधने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। उनका कहना था कि यदि स्थानीय पुलिस सूचना मिलते ही सक्रिय हो जाती, तो इस अनहोनी को टाला जा सकता था।

उन्होंने कहा कि किसी को इस हद तक मानसिक प्रताड़ना देना कि वह जान देने पर मजबूर हो जाए, कानूनन आत्महत्या के लिए उकसाने का गंभीर अपराध है और इसमें शामिल सभी लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

‘मेरे साथ भी हुआ था चरित्र हनन का प्रयास’

अपने 20 वर्षों के सामाजिक जीवन का हवाला देते हुए प्रिया मुंडा ने बताया कि समाज में काम करने वाली महिलाओं को किस तरह के दबावों से गुजरना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जब वे धर्मांतरण, जमीन विवाद या अन्य मुद्दों पर काम करती हैं, तो दोनों पक्षों से उन पर तरह-तरह के तमगे लगाए जाते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब विरोधी काम से मुकाबला नहीं कर पाते, तो वे महिला कार्यकर्ता का चरित्र हनन शुरू कर देते हैं। प्रिया मुंडा ने कहा कि उनके साथ भी अतीत में ऐसा दौर आया था, लेकिन परिवार और पति के मजबूत साथ की वजह से वे उस मानसिक दबाव से बाहर निकल सकीं। वहीं, निशा अकेली थीं और उनके पास ऐसा सहारा नहीं था, जिससे वे टूट गईं।

सियासत से पहले आत्ममंथन की जरूरत

हेमंत सोरेन सरकार से इस्तीफा मांगने और रिम्स में हो रहे विरोध-प्रदर्शनों पर टिप्पणी करते हुए प्रिया मुंडा ने कहा कि सिर्फ दूसरों पर उंगली उठाने से सच नहीं बदलेगा। निशा अपने आखिरी वीडियो में यह दर्द बयां कर गई थीं कि बुरे वक्त में कोई उनके साथ खड़ा नहीं हुआ।

उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मामले की पूरी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए—चाहे वह पुलिस की लापरवाही हो, दबाव बनाने वाले चेहरे हों या फिर वे लोग जिन्होंने आखिरी पलों में मदद की गुहार सुनने के बावजूद कदम नहीं उठाया।

इसे भी पढ़ें: निशा भगत मौत मामला: बाबूलाल मरांडी ने CBI जांच और दारोगा की गिरफ्तारी की मांग की

इसे भी पढ़ें: निशा भगत की मौत: पिता ने लगाया हत्या का आरोप, कार्रवाई की मांग

Related Stories & Ads

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now