ताज़ा खबरें
लोड हो रहा है... ताज़ा खबरों के लिए बने रहें...
विज्ञापन
Jharkhand Jobs

पेड़ पर चढ़ना आता है तो आपको मिलेगी नौकरी, रांची में फसल रक्षक के 21 पदों पर बहाली शुरू

रांची: जिले में फसलों की सुरक्षा और कीट नियंत्रण के लिए कृषि विभाग ने फसल रक्षक के 21 पदों पर अस्थायी बहाली प्रक्रिया शुरू की है। कनीय पौधा संरक्षण पदाधिकारी कार्यालय (कृषि प्रभाग) ने इसके लिए विज्ञापन संख्या 01/2026-27 जारी किया है। यह नियुक्ति पूरी तरह मानदेय आधारित और 11 महीने के अनुबंध पर होगी। अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने 11,851 रुपये मानदेय मिलेगा।

समेति (SAMETI) के निदेशक रामशंकर प्रसाद सिंह के मुताबिक, जिला स्तर पर कनीय पौधा संरक्षण पदाधिकारी के अधीन सहायक कर्मचारियों के पद लंबे समय से खाली चल रहे हैं। जब तक नियमित नियुक्तियां नहीं होतीं, तब तक फसल सुरक्षा कार्यक्रम बाधित न हो, इसलिए सरकार ने मानदेय पर फसल रक्षकों को रखने का फैसला लिया है। राज्य के अन्य जिलों में भी इसी तरह की नियुक्तियां निकाली जा रही हैं।

Advertisement

11 महीने का अनुबंध, नियमित दर्जे का दावा नहीं

विज्ञापन की शर्तों के अनुसार, यह सेवा केवल 11 महीने के लिए होगी। यदि इस बीच नियमित नियुक्ति हो जाती है या 11 महीने की अवधि पूरी होती है, तो सेवा स्वतः समाप्त हो जाएगी। इस पद पर काम करने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी सूरत में स्थायी सरकारी कर्मचारी का दर्जा या स्थायी सेवा लाभ का दावा करने का अधिकार नहीं होगा।

वर्गवार रिक्तियां

जिले में कुल 21 पदों का आरक्षण रोस्टर इस प्रकार है:

  • अनारक्षित (General): 9 पद
  • अनुसूचित जनजाति (ST): 7 पद
  • अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC-I): 2 पद
  • आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 2 पद
  • अनुसूचित जाति (SC): 1 पद

योग्यता: पेड़ पर चढ़ना और साइकिल चलाना आना चाहिए

आवेदक का किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैट्रिक (10वीं) पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा कुछ जरूरी तकनीकी व व्यावहारिक शर्तें भी रखी गई हैं:

  • कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग (कृषि/उद्यान निदेशालय) या ICAR से जुड़े किसी संस्थान से कम से कम 5 दिनों का प्रशिक्षण प्रमाण पत्र होना चाहिए।
  • अभ्यर्थी रांची जिले का स्थानीय निवासी हो और उसे स्थानीय भाषा की समझ हो।
  • साइकिल चलाने और पेड़ पर चढ़ने की शारीरिक दक्षता अनिवार्य है। निदेशक के अनुसार, सुदूर ग्रामीण इलाकों में आवागमन और पेड़ों पर कीट-रोगों की निगरानी व छिड़काव के लिए यह हुनर जरूरी किया गया है।

उम्र सीमा

उम्र की गणना 1 अप्रैल 2026 के आधार पर होगी। न्यूनतम उम्र 18 वर्ष तय है। अधिकतम उम्र सीमा:

  • अनारक्षित और EWS: 35 वर्ष
  • EBC-I (पुरुष): 37 वर्ष
  • अनारक्षित, EWS एवं EBC-I (महिलाएं): 38 वर्ष
  • SC और ST (महिला व पुरुष): 40 वर्ष(भूतपूर्व सैनिकों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की अतिरिक्त छूट मिलेगी।)

काम की जिम्मेदारी

चयनित फसल रक्षकों को खेतों में जाकर फसलों में लगने वाले कीट और बीमारियों का फील्ड सर्वे करना होगा। साथ ही किसानों के बीच कीटनाशकों के सुरक्षित छिड़काव का प्रदर्शन, उन्हें प्रशिक्षण देना और फसल सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाना होगा।

आवेदन कैसे और कहां करें

इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित फॉर्म भरकर 14 नवंबर 2026 की शाम 5:00 बजे तक जमा करना होगा। फॉर्म स्पीड पोस्ट, निबंधित डाक (रजिस्टर्ड पोस्ट) से भेजा जा सकता है या सीधे कार्यालय में जाकर भी जमा किया जा सकता है।

  • आवेदन जमा करने का पता:कार्यालय, कनीय पौधा संरक्षण पदाधिकारी, संयुक्त जिला कृषि भवन, कृषि भवन परिसर, कांके रोड, रांची – 834008।

आवेदन पत्र के साथ शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अंक पत्र, 5 दिवसीय प्रशिक्षण प्रमाण पत्र, स्थानीय निवास प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और आरक्षण के लिए जाति/EWS प्रमाण पत्र की स्व-अभिप्रमाणित (self-attested) छायाप्रतियां लगाना जरूरी है। आवेदन पत्र का प्रारूप और विस्तृत दिशा-निर्देश रांची जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट www.ranchi.nic.in और www.sameti.org पर देखे जा सकते हैं।

Related Stories & Ads

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now