ताज़ा खबरें
लोड हो रहा है... ताज़ा खबरों के लिए बने रहें...
विज्ञापन
Ranchi
यह खबर कहाँ की हैरांची, झारखंड

सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर लगे आरोपों पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान, डीजीपी से 7 दिन में मांगी रिपोर्ट

रांची: सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दर्ज पॉक्सो एक्ट के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आयोग ने पुलिस मुख्यालय से 7 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) भी तलब की है।

अपने पत्र में आयोग ने कहा है कि इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ नाबालिग पीड़िता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाए। आयोग ने पीड़िता को जरूरी चिकित्सा, मनोवैज्ञानिक और कानूनी मदद तुरंत मुहैया कराने का निर्देश भी दिया है।

Advertisement

राजनीतिक दबाव से मुक्त जांच के निर्देश

आयोग ने साफ किया है कि जांच किसी भी राजनीतिक या बाहरी प्रभाव से मुक्त रहनी चाहिए। पत्र में पीड़िता को हर तरह की धमकी या दबाव से सुरक्षित रखने की बात भी कही गई है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने अपने बयान में कहा, “प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, गरिमा और अधिकार सर्वोपरि है। किसी नाबालिग के यौन शोषण से जुड़े आरोपों की जांच पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और तत्परता से की जानी चाहिए। आरोपी का पद या प्रभाव कानून के प्रति जवाबदेही में बाधा नहीं बन सकता।”

क्या है पूरा मामला?

रांची के धुर्वा थाने में नाबालिग लड़की की शिकायत पर विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ पॉक्सो (POCSO – बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण देने वाला कानून) एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में दो महिलाओं को भी आरोपी बनाया है। आरोप है कि इन दोनों महिलाओं ने ही उसे विधायक के आवास पर काम पर रखवाया था और वे उसके साथ शारीरिक प्रताड़ना भी करती थीं।

पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक, 5 अगस्त को रांची स्थित विधायक आवास पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई। इस केस में पुलिस ने 13 नवंबर को पीड़िता का मेडिकल चेकअप कराया था, जबकि 14 नवंबर को रांची कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान दर्ज कराया गया है। पीड़िता ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जाहिर की है।

विधायक ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश

सिमडेगा विधानसभा से दूसरी बार विधायक चुने गए भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने इसे पूरी तरह से झूठा और गुमराह करने वाला बताते हुए कहा है कि राजनीतिक साजिश के तहत उनकी और पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

दूसरी तरफ, इस मामले को लेकर राज्य में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कई आदिवासी संगठन विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, जबकि झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नेता विधायक के बचाव में उतर आए हैं।

इसे भी पढ़ें:

रांची में द भारत मित्र के दफ्तर पहुंची सिमडेगा पुलिस, पत्रकार पर FIR के विरोध में उतरे नेता और पत्रकार संगठन

विधायक भूषण बाड़ा से जुड़ी खबर चलाने पर पत्रकार अभिषेक भारती पर FIR, रांची प्रेस क्लब ने जताई कड़ी आपत्ति

सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर 14 साल की बच्ची ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, पॉक्सो के तहत FIR

Related Stories & Ads

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now