रांची। सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक मामले की खबर चलाने के बाद पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज किए जाने पर रांची प्रेस क्लब ने कड़ा विरोध जताया है। क्लब के अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी ने बयान जारी कर इस कार्रवाई को पत्रकारिता की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।
प्रेस क्लब द्वारा जारी बयान के मुताबिक, विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक मामले में 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। पत्रकार अभिषेक भारती ने इस प्रकरण को प्रमुखता से सार्वजनिक किया था। क्लब का कहना है कि इस खबर के सामने आने के बाद पत्रकार के खिलाफ ही अलग से एफआईआर दर्ज कर दी गई, जो बेहद चिंताजनक है।
आवाज दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं: प्रेस क्लब
शंभु नाथ चौधरी ने स्पष्ट किया कि किसी भी संवेदनशील मामले और पीड़ित पक्ष की आवाज को समाज व कानून के सामने लाना पत्रकार का पेशेवर दायित्व है। यदि किसी पक्ष को खबर के तथ्यों या उसकी प्रस्तुति पर आपत्ति है, तो उसका जवाब तथ्यों और तय कानूनी प्रक्रिया से दिया जाना चाहिए। इसके बजाय खबर चलाने वाले पत्रकार को ही कठघरे में खड़ा करना और निशाना बनाना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
प्रेस क्लब ने आशंका जताई है कि खबर प्रकाशित करने की वजह से ही पत्रकार को निशाना बनाया जा रहा है। क्लब ने चेतावनी दी है कि यदि दुर्भावना या किसी षड्यंत्र के तहत पत्रकार को प्रताड़ित करने अथवा उनकी आवाज दबाने की कोशिश हुई, तो रांची प्रेस क्लब और राज्य भर के पत्रकार संगठन एकजुट होकर इसका पुरजोर विरोध करेंगे।
प्रशासन और पुलिस से प्रेस क्लब की प्रमुख मांगें:
- पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की निष्पक्ष रूप से समीक्षा और जांच की जाए।
- जांच के नाम पर पत्रकार को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित या भयभीत न किया जाए।
- किसी भी राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव में आकर पत्रकार के खिलाफ कार्रवाई न हो।
- पुलिस इस पहलू की भी जांच करे कि कहीं खबर चलाने की कीमत तो पत्रकार से नहीं वसूली जा रही है।
- नाबालिग बच्ची की शिकायत पर दर्ज मूल मामले की भी स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो।
इसे भी पढ़ें:
सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर 14 साल की बच्ची ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, पॉक्सो के तहत FIR














