ताज़ा खबरें
लोड हो रहा है... ताज़ा खबरों के लिए बने रहें...
विज्ञापन
Ranchi
यह खबर कहाँ की हैरांची, झारखंड

सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर 14 साल की बच्ची ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, पॉक्सो के तहत FIR

Ranchi | झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा मुश्किलों में घिर गए हैं। 14 साल की एक किशोरी ने उन पर दुष्कर्म और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए रांची के विधानसभा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराएं लगाई हैं। वहीं, इस मामले में एक नया मोड़ तब आ गया जब नाबालिग के दादा ने सिमडेगा में दो लोगों के खिलाफ अपहरण और दबाव बनाकर विधायक के खिलाफ झूठा बयान दिलाने का काउंटर केस दर्ज करा दिया। खुद विधायक ने भी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है।

पढ़ाई का झांसा देकर कराई घरेलू मजदूरी

प्राथमिकी के लिए दिए गए आवेदन में पीड़िता ने बताया है कि उसके माता-पिता नहीं हैं। पिता की मौत हो चुकी है और मां बचपन में ही छोड़ गई थी। आरोप है कि मई 2026 में एमा बाड़ा और जोसीमा खाखा नामक दो महिलाएं उसके गांव आईं और स्कूल में दाखिला कराने का भरोसा देकर उसे रांची स्थित विधायक आवास ले गईं। वहां पहुंचने पर उससे पढ़ाई कराने के बजाय घरेलू काम कराया जाने लगा।

Advertisement

5 अगस्त की घटना और जान से मारने की धमकी

किशोरी का आरोप है कि 5 अगस्त 2026 की दोपहर विधायक भूषण बाड़ा रांची स्थित अपने आवास (संख्या 12) में आए थे। जब वह पानी लेकर गई, तो विधायक ने उसे जूता खोलने को कहा। जूता खोलने के दौरान उन्होंने उसके साथ जबरदस्ती की। किशोरी ने जब चिल्लाने की कोशिश की, तो उसका मुंह बंद कर दिया गया और मारपीट कर दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि विधायक ने धमकी दी कि अगर यह बात किसी को बताई, तो मरवाकर फेंकवा देंगे।

पीड़िता के मुताबिक, घटना के दिन आवास पर काम करने वाली अन्य लड़कियों को छुट्टी दे दी गई थी। अगली ही शाम जोसीमा खाखा उसे धनरोपनी के बहाने वापस सिमडेगा ले गई, जहां उससे एमा बाड़ा की बाउंड्री निर्माण में मजदूरी कराई गई। किशोरी का कहना है कि काम में थोड़ी भी चूक होने पर एमा बाड़ा मारपीट और गाली-गलौज करती थी। भरपेट खाना भी नहीं दिया जाता था और इतने दिनों की मेहनत के बदले सिर्फ तीन हजार रुपये थमा दिए गए।

गर्भपात के बाद पुलिस के पास पहुंची पीड़िता

सितंबर में किशोरी सिमडेगा से अपनी मुंहबोली बहन के घर चली गई। वहां माहवारी रुकने पर उसे गर्भ ठहरने का पता चला। आर्थिक तंगी और कुपोषण के चलते 22 अक्टूबर को उसे ब्लीडिंग शुरू हो गई। डॉक्टर को दिखाने पर पता चला कि गर्भ खराब हो चुका है। इसके बाद जान का खतरा बताते हुए उसने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई। शुक्रवार देर शाम पुलिस ने रांची के सदर अस्पताल में दो महिला डॉक्टरों की मौजूदगी में किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया।

दर्ज धाराओं का विवरण

विधानसभा थाने में दर्ज एफआईआर में मुख्य रूप से ये धाराएं शामिल हैं:

  • बीएनएस-2023 की धारा 64(2)(b), 65(1) और 3(5)
  • पॉक्सो एक्ट-2012 की धारा 4, 6 और 17
  • जेजे एक्ट-2015 की धारा 75 और 79

दादा का काउंटर केस: “अपहरण कर दबाव में दिलाया गया बयान”

विधायक पर एफआईआर दर्ज होने के बाद सिमडेगा के पाकरटांड़ थाने में एक और मामला दर्ज हुआ है। नाबालिग के दादा ने दिलीप तिर्की और अभिषेक भारती नामक दो युवकों पर अपनी पोती को अगवा करने का आरोप लगाया है। दादा की शिकायत के अनुसार, इन दोनों ने पोती को डरा-धमकाकर सिमडेगा विधायक के खिलाफ झूठे आरोप लगाने और भ्रामक गवाही देने के लिए मजबूर किया है। पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को इस शिकायत पर बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 23(4) के तहत दोनों नामजद आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर ली है।

राजनीतिक साजिश का शिकार हुआ हूं: विधायक भूषण बाड़ा

विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा, “मैं लड़की को पढ़ाने-लिखाने के उद्देश्य से ही रांची लाया था, लेकिन वह धनरोपनी के वक्त अपने घर लौट गई थी। अब चार-पांच महीने बाद ऐसे आरोप सामने आना हैरान करने वाला है।” विधायक का कहना है कि इलाके के एक तथाकथित नेता ने उनके खिलाफ साजिश रची है और उसी के इशारे पर लड़की को यह बयान देने के लिए तैयार किया गया है।

इसे भी पढ़ें:

यौन शोषण के आरोपों पर सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने दी सफाई, कहा- यह राजनीतिक साजिश है, करेंगे मानहानि का केस

भूषण बाड़ा जीवनी: सोगरा के मुखिया से सिमडेगा के लगातार दूसरी बार विधायक बनने तक का पूरा सफ़र

Related Stories & Ads

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now