Advertisement
Jharkhand News

अनिल टाइगर मर्डर: रांची में दिनदहाड़े हत्या, झारखंड बंद का ऐलान

बीजेपी नेता को सरेआम मारी गोली

रांची के कांके थाना क्षेत्र में बुधवार को बीजेपी नेता और पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने उन्हें सिर में गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद उन्हें रिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हत्या के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। आक्रोशित लोगों ने कांके चौक को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनातू रिंग रोड से मुख्य आरोपी शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्या के विरोध में झारखंड बंद का ऐलान किया गया है।

Advertisement

भीड़ के बीच अपराधियों का दुस्साहस

कांके चौक पर हमेशा लोगों की भीड़ रहती है, लेकिन अपराधियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। बुधवार दोपहर करीब 3:50 बजे अपराधी आए और अनिल टाइगर पर गोली चला दी। वारदात के बाद वे आराम से वहां से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के वक्त चौक पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने कुछ नहीं देखा। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

रांची पुलिस को खुली चुनौती

झारखंड विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है, इसी दौरान अपराधियों ने कानून व्यवस्था को धता बताते हुए दिनदहाड़े गोली चला दी। हाल ही में बीजेपी विधायक सीपी सिंह ने सदन में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस उन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है।

इस हत्याकांड के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने रांची के अपर बाजार में जुलूस निकाला और झारखंड बंद को सफल बनाने की अपील की। पुलिस पर लचर कानून व्यवस्था को लेकर जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।

डीजीपी बैठक कर रहे थे, उधर अपराधियों ने बरपा कहर

हत्याकांड के वक्त झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता विधि-व्यवस्था को लेकर बैठक कर रहे थे। लेकिन अपराधियों ने इस दौरान गोलियां बरसाकर पुलिस को एक और चुनौती दे दी।

वारदात के बाद रांची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आक्रोशित लोगों ने रिम्स चौक पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस हत्याकांड से रांची में भय का माहौल है और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कितनी जल्दी अपराधियों को पकड़ पाती है और जनता का भरोसा वापस लौटा पाती है।

Related Stories & Ads

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment