पलामू (झारखंड)। रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा गांव में सोमवार रात लक्ष्मी पूजा के दौरान दो पक्षों में हुई झड़प के बाद हालात बिगड़ गए। बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने पथराव कर दिया, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पथराव में पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है। हालात संभालने और आत्मरक्षा के लिए पुलिस को करीब चार राउंड फायरिंग करनी पड़ी।
घटना सोमवार रात करीब 9 बजे की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, डीजे बजाने और कुछ अन्य बातों को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए थे। सूचना मिलते ही रेहला थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर विवाद शांत कराने में जुट गई। इसी दौरान अचानक जुटी भीड़ ने पुलिस को घेरकर ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए।
अचानक हुए इस हमले में चार जवानों को चोटें आईं और पुलिस गाड़ी को नुकसान पहुंचा। स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस ने आत्मरक्षा में चार राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई।
रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ के अनुसार, पुलिस दोनों गुटों के बीच झड़प की सूचना पर बीच-बचाव के लिए पहुंची थी। उसी दौरान टीम पर हमला किया गया, जिसमें चार जवान घायल हुए और गाड़ी क्षतिग्रस्त हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद गांव में स्थिति फिलहाल शांत है। एहतियात के तौर पर पुलिस इलाके में नजर रखे हुए है। माहौल शांत होने के बाद ग्रामीणों ने लक्ष्मी प्रतिमा का विसर्जन पूरा किया। झड़प में कुछ ग्रामीणों के भी चोटिल होने की बात सामने आई है, लेकिन उनकी पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इसे भी पढ़ें: पलामू में सड़क हादसा: JTET ड्यूटी पर जा रहीं महिला जवान बबीता कुमारी की मौत
इसे भी पढ़ें: देवी मंदिर के पास छोड़ी गई नवजात, बलि की आशंका के बीच ग्रामीणों ने मां को पकड़ा














