ताज़ा खबरें
लोड हो रहा है... ताज़ा खबरों के लिए बने रहें...
विज्ञापन
Palamu
यह खबर कहाँ की हैपलामू, झारखंड

देवी मंदिर के पास छोड़ी गई नवजात, बलि की आशंका के बीच ग्रामीणों ने मां को पकड़ा

पलामू। पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित मनहूं गांव में शुक्रवार रात करीब 9 बजे धान के खेत की मेढ़ पर एक नवजात बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। तेज बारिश और ठंड के बीच बच्ची बिना कपड़ों के पड़ी हुई थी। स्थानीय ग्रामीणों ने बच्ची को तत्काल गर्म कपड़े में लपेटकर उसकी मां के साथ अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए बच्ची को आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों चिकित्सकों की निगरानी में हैं।

मछली पकड़ रहे युवकों ने मचाया शोर

ग्रामीणों के अनुसार, गांव से दूर स्थित देवी मंदिर के पास तीन महिलाएं एक झोले में नवजात को लेकर पहुंची थीं। लगातार बारिश के कारण मंदिर के पास धान के खेतों में पानी भरा था, जहां कुछ स्थानीय युवक मछलियां पकड़ रहे थे। संदिग्ध गतिविधियां दिखने पर युवकों ने ध्यान दिया तो पाया कि महिलाएं बच्ची को मेढ़ पर रखकर झोले से पूजा सामग्री निकाल रही थीं।

Advertisement

युवकों के शोर मचाने पर दो महिलाएं मौके से फरार हो गईं, जबकि एक महिला वहीं बैठी रह गई जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया।

इसे भी पढ़ें: पलामू के नावाबाजार में महिला लापता, अपहरण की आशंका जताकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

पूजा सामग्री मिलने से बलि की आशंका, पुलिस जांच जारी

पकड़ी गई महिला की पहचान छतरपुर नगर पंचायत के मंदेया गांव (भल्ही टोला) निवासी रविंद्र उरांव की पत्नी मंजू देवी के रूप में की गई है। ग्रामीणों का दावा है कि नवजात को जन्म मंजू देवी ने ही दिया था। महिला के पास से पॉलीथिन में सिंदूर, टिकली, कंघी और अन्य पूजा सामग्री बरामद हुई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीणों ने बलि दिए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों के मुताबिक, मजदूरी करने वाले इस दंपती के पहले से दो बेटे और दो बेटियां हैं, और यह नवजात उनकी पांचवीं संतान है। मौके से भागी दो अन्य महिलाओं की पहचान, मंजू देवी से उनका संबंध और इस घटनाक्रम में उनकी भूमिका को लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में मेदिनीनगर स्थित पीएमसीएच के पास भी एक नवजात का शव कुत्ते के मुंह में मिलने का मामला सामने आया था। उस मामले में उपायुक्त के निर्देश पर जांच के बाद एक निजी अस्पताल को सील कर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। छतरपुर की इस ताजा घटना के बाद पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।

Related Stories & Ads

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now