Giridih | गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित बासाबूदा गांव में डायन-बिसाही के आरोप में एक आदिवासी महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुक्रवार रात को गोतिया के लोगों ने धारदार हथियार से वार कर महिला की जान ले ली। घटना के वक्त बीच-बचाव करने आए मृतका के पति के साथ भी मारपीट की गई।
वारदात की मुख्य वजह गोतिया के एक बच्चे की बीमारी से हुई मौत को बताया जा रहा है। मृतका के पति ने बताया कि बच्चे की मौत के बाद आरोपी शुक्रवार की रात उनके घर पहुंचे। वे लोग पति-पत्नी को जबरन खींचकर घर से बाहर ले गए और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान धारदार हथियार से महिला पर हमला किया गया, जिससे उसकी जान चली गई।
पोती की आंखों के सामने वारदात
इस घटना की चश्मदीद मृतका की पोती है। उसने बताया कि गोतिया के दादा और चाचा रात में घर आए थे। वे उसके दादा-दादी को खींचकर बाहर ले गए। पोती के मुताबिक, उसकी आंखों के सामने दादी को डायन कहते हुए बेरहमी से मार डाला गया। बासाबूदा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य विकास तिवारी ने भी डायन-बिसाही के आरोप में हत्या होने की बात कही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
हत्या की सूचना मिलने के बाद एसपी डॉ. बिमल के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसडीपीओ सदर जीतबाहन उरांव ने एसआई संजय कुमार, गौतम कुमार, एएसआई राहुल सिंह और सुबोध कुमार दास को दल-बल के साथ गांव भेजा।
एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि एक अधेड़ महिला की डायन-बिसाही का आरोप लगाकर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जिन लोगों पर हत्या का आरोप है, उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
इसे पढ़ें:
Marang Buru: हेमन्त सोरेन बोले- आदिवासी परंपरा और पहचान बचाना जरूरी














