Khunti | खूंटी जिले में रांची-खूंटी मुख्य मार्ग पर स्थित पुष्पा फ्यूल सेंटर में शुक्रवार देर रात बाइक सवार तीन अपराधियों ने फायरिंग कर दी। इस घटना में पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी को गोली लगी है। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी काउंटर पर एक पर्चा छोड़कर रांची की ओर भाग निकले।
घटना गुटजोरा पंचायत के जियारप्पा सीमा क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधी हुटार की तरफ से पेट्रोल पंप पहुंचे। वे सीधे पंप के केबिन में घुस गए, जहां घाघरा गांव निवासी 25 वर्षीय अमित कुमार ड्यूटी पर था। अपराधियों ने उस पर फायरिंग कर दी। एक गोली अमित के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
फायरिंग के बाद छोड़ा पर्चा, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
कर्मचारी को गोली मारने के बाद हमलावरों ने पंप के काउंटर पर एक पर्चा छोड़ा और वहां से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि इस पर्चे में किसी संगठन का नाम लिखा है और लेवी या सहयोग से जुड़ी बातें लिखी गई हैं। हालांकि पुलिस अभी इस पर्चे की सत्यता की जांच कर रही है। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही खूंटी थाना प्रभारी बाबू बंशी साव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे (गोली के खाली कारतूस) और अपराधियों द्वारा छोड़ा गया पर्चा बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों और उनके भागने के रास्तों पर पुलिस की छापेमारी जारी है।














