ताज़ा खबरें
लोड हो रहा है... ताज़ा खबरों के लिए बने रहें...
विज्ञापन
Festival Special

शहर और गांव के महापर्व में क्या है फर्क?

भोजपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ की गूंज पूरे देश में है। इसी बीच ‘लोकल खबर’ की टीम ने बिहार के भोजपुर जिले में पहुंचकर एक छठ व्रती से बातचीत की। पिछले 15 सालों से छठ कर रहीं आंचल ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि बोकारो और हजारीबाग जैसे शहरों की तुलना में भोजपुर जैसे ग्रामीण इलाकों में छठ करने का तरीका और इसके नियम कितने अलग हैं।

लोकल खबर की रिपोर्टर स्मृति से बातचीत में आंचल ने बताया कि 15 सालों में छठ पर्व मनाने के तरीके में कई बदलाव आए हैं। महंगाई का असर पर्व पर भी पड़ा है। इसके अलावा घाटों पर सुरक्षा को लेकर भी लोगों की सोच बदली है। पहले व्रती और उनके परिवार घाट पर ही रुकते थे, लेकिन अब सुरक्षा कारणों से लोग अर्घ्य देकर तुरंत घर लौट आते हैं।

Advertisement

शहर और गांव के छठ में क्या है अंतर?

आंचल ने झारखंड के बोकारो और हजारीबाग जैसे शहरों में भी छठ किया है और बिहार के देहात में भी। उन्होंने दोनों जगहों के बुनियादी अंतर को स्पष्ट किया:

  • चूल्हा और लकड़ी: शहरों में कई बार जगह और सामान के अभाव में लोग गैस चूल्हे पर प्रसाद बनाते हैं। वहीं, गांव में आसानी से मिट्टी का चूल्हा और आम की लकड़ी मिल जाती है, जिस पर पारंपरिक तरीके से प्रसाद बनता है।
  • बर्तन और सूप: शहरों में स्टील या अन्य धातुओं के बर्तनों का इस्तेमाल मजबूरी बन जाता है। इसके उलट, ग्रामीण इलाकों में मिट्टी के बर्तन (बरगुंडा), बांस के सूप और छीटें आसानी से उपलब्ध होते हैं।
  • पहनावा और नियम: गांव में नियमों का पालन बेहद सख्ती से होता है। व्रती पूरी तरह से नई और ‘निजूठा’ (बिना पहनी हुई) साड़ी पहनकर ही अर्घ्य देती हैं और नाक से सिंदूर लगाती हैं। शहरों में कई बार जानकारी या सामान के अभाव में पुरानी साड़ियों को धोकर भी इस्तेमाल कर लिया जाता है।

आंचल मानती हैं कि असली छठ गांव और देहात में ही होता है, क्योंकि वहां सारी चीजें प्राकृतिक रूप में और आसानी से मिल जाती हैं।

नियम और शुद्धता का डर

छठ में शुद्धता का सबसे ज्यादा ध्यान रखा जाता है। आंचल बताती हैं कि छठ की तैयारी हफ्ते भर पहले से शुरू हो जाती है। घर में तामसिक भोजन (प्याज-लहसुन) बनना बंद हो जाता है और सेंधा नमक व घी का इस्तेमाल होता है। खरना के प्रसाद में नया चावल, गाय का दूध और गुड़ का उपयोग किया जाता है।

36 घंटे के निर्जला व्रत में सबसे मुश्किल समय तब होता है, जब दौरा लेकर घाट की तरफ जाते हैं। व्रतियों के मन में यह डर बना रहता है कि कहीं कोई सामग्री छूट न जाए या पानी में अर्घ्य देते समय कोई ऐसी चीज न टकरा जाए जिससे व्रत भंग हो। सुबह के अर्घ्य के बाद ही मन को पूरी शांति मिलती है।

छठ सिर्फ उगते सूरज की पूजा नहीं है, बल्कि यह दुनिया का एकमात्र ऐसा पर्व है जहां अस्त होते सूर्य को भी अर्घ्य दिया जाता है। यह परंपरा जीवन का एक बड़ा फलसफा सिखाती है कि जिसका अस्त होना तय है, उसका उगना भी निश्चित है। जीवन के इन्हीं उतार-चढ़ाव को समेटे हुए छठ का यह पर्व हर साल पूरी आस्था के साथ मनाया जाता है।

Related Stories & Ads

Smriti Kumari

Join WhatsApp

Join Now