Ranchi | मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्य में कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बुंडू की एलआरडीसी छवि बाला और बुंडू के अंचल अधिकारी हंस हेम्ब्रम को शोकॉज जारी करने का निर्देश दिया। डीसी ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि अगले तीन दिनों के भीतर काम में अपेक्षित सुधार नहीं दिखा, तो दोनों अधिकारियों को निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही जिले के औसत प्रदर्शन से नीचे रहने वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) से भी स्पष्टीकरण तलब करने का आदेश दिया गया है।
30 नवंबर को अंतिम सूची का प्रकाशन, विसंगतियां तुरंत दूर करने का आदेश
जिले में 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होना है। डीसी ने स्पष्ट किया कि अंतिम प्रकाशन से पहले सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) और AERO अपने-अपने क्षेत्रों की सूची की बारीकी से जांच कर लें, ताकि कोई त्रुटि न रह जाए।
बैठक में मुख्य रूप से इन बिंदुओं पर कड़े निर्देश दिए गए:
- तार्किक विसंगति और नो मैपिंग: Logical Discrepancy और No Mapping से जुड़े सभी लंबित मामलों का तत्काल निपटारा किया जाए।
- दस्तावेजों का संधारण: SIR के दौरान मिले प्रपत्र, नोटिस, सुनवाई के कागजात और निष्पादन प्रतिवेदनों को नियमानुसार सुरक्षित और सूचीबद्ध रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मिल सकें।
- फॉर्म-6 का निस्तारण: नए नाम जोड़ने से जुड़े फॉर्म-6 के निष्पादन की गति बढ़ाने और EROs को अपने निचले कर्मियों की लगातार क्लोज मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
काम के दौरान किसी भी तरह की तकनीकी या व्यावहारिक अड़चन आने पर अधिकारियों को सीधे डीसी से संपर्क करने की छूट दी गई है, ताकि समय रहते समाधान निकाला जा सके।
आदिवासी जमीन पर अवैध कब्जा हुआ तो नपेंगे सीओ
प्रशासनिक समीक्षा के दौरान डीसी ने जमीन से जुड़े मामलों पर भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिले के किसी भी हिस्से में यदि आदिवासी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत सामने आती है, तो इसकी सीधी जवाबदेही संबंधित अंचल अधिकारी (CO) की होगी और उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। सभी सीओ को अपने इलाके में जमीन के मामलों पर पैनी नजर रखने की हिदायत दी गई है।
सरकारी दफ्तरों से बिचौलिए बाहर हों, आम जनता से रखें ठीक व्यवहार
बैठक में बीडीओ और सीओ को निर्देश दिया गया कि प्रखंड और अंचल कार्यालयों में आने वाले आम लोगों के साथ संवेदनशीलता और सम्मान से पेश आएं। डीसी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान हो और दफ्तरों में बिचौलियों का दखल पूरी तरह बंद किया जाए।
इसके अलावा आगामी छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर सभी बीडीओ और सीओ को ग्रामीण तालाबों और छठ घाटों की साफ-सफाई का भौतिक निरीक्षण करने और स्थानीय छठ समितियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया गया।
इसे भी पढ़ें: रांची के डीसी ने कुम्हार बस्ती से खरीदे दीये, उचित दाम देने की अपील














