रांची: शहर में पड़हा जतरा महोत्सव (कांके रोड) और छठ महापर्व के आयोजन को देखते हुए शनिवार (14 नवंबर) से सोमवार (16 नवंबर) तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के साथ-साथ ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन पर समयबद्ध रोक रहेगी।
त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ से बचने के लिए तीन दिनों के लिए अलग-अलग रूट और समय तय किए गए हैं:
14 नवंबर (शनिवार) की व्यवस्था:
- कांके रोड स्थित राम मंदिर चौक से जोड़ा पुल तक दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री रहेगी।
- इसी मार्ग पर दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक सभी प्रकार के ऑटो और ई-रिक्शा भी नहीं चलेंगे।
- अल्बर्ट एक्का चौक से चडरी तालाब और जेल चौक से अल्बर्ट एक्का चौक की ओर जाने वाले रास्ते पर सभी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
- वैकल्पिक मार्ग: कांके रिंग रोड से शहर आने वाले वाहन बोड़ेया रोड, अंतु चौक और करमटोली चौक होकर गुजर सकेंगे। वहीं, राम मंदिर चौक से रातू रोड चौक तथा मोरहाबादी मैदान से कांके रिंग रोड जाने वाले वाहन करमटोली चौक, अंतु चौक और बोड़ेया रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
15 नवंबर (रविवार) की व्यवस्था:
- छठ पूजा को लेकर रविवार सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
- कांके रोड स्थित चांदनी चौक से राम मंदिर के बीच दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन पर रोक रहेगी।
- अल्बर्ट एक्का चौक से चडरी तालाब और जेल चौक से अल्बर्ट एक्का चौक की ओर सभी वाहन वर्जित रहेंगे।
- रणधीर वर्मा चौक से राजभवन की ओर जाने वाले मार्ग पर किसी भी प्रकार का वाहन नहीं चलेगा।
- बड़ा तालाब की ओर जाने वाले कई रास्तों—औघड़ बाबा आश्रम, छोटा तालाब, उर्दू लाइब्रेरी, जैन मंदिर कटिंग और मारवाड़ी महिला कॉलेज मार्ग—पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
16 नवंबर (सोमवार) की व्यवस्था:
- छठ के सुबह के अर्घ्य को देखते हुए सोमवार देर रात 2 बजे से सुबह 10 बजे तक शहर में बड़े वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह रोक रहेगी।
इसे भी पढ़ें:
रांची के छठ घाटों पर तीन फीट की गहराई पर बैरिकेडिंग के निर्देश
रांची में छठ की तैयारी: 72 घाटों पर सफाई अभियान, खरना से मीट-मछली की दुकानें बंद रखने का निर्देश














