Ranchi | दीपावली और काली पूजा के सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शहर के विभिन्न काली पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने पूजा समितियों को अग्नि सुरक्षा, बिजली की सुरक्षित वायरिंग, भीड़ नियंत्रण और प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, उपायुक्त ने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा पंडालों के निर्माण से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
रांची के इन काली पूजा पंडालों का DC ने किया निरीक्षण
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शहर के कई प्रमुख पूजा स्थलों का दौरा किया। इनमें अल्बर्ट एक्का चौक, कॉसमॉस क्लब, वर्द्धमान कंपाउंड, अग्रदूत क्लब प्लाजा चौक, डोरंडा बाजार काली पूजा समिति, काली मंदिर डोरंडा, कुसई कॉलोनी काली पूजा समिति, छप्पन सेट और एजी कॉलोनी शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंडाल निर्माण, श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास, सुरक्षा संबंधी तैयारियों तथा बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली।
संबंधित अधिकारियों और पूजा समितियों को आयोजन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
पूजा पंडालों में बिजली और आग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश
उपायुक्त ने पूजा समितियों से कहा कि पंडालों में बिजली की वायरिंग और अस्थायी विद्युत कनेक्शन सुरक्षित तरीके से लगाए जाएं। खुले या असुरक्षित बिजली के तारों को किसी भी स्थिति में नहीं छोड़ा जाए।
शॉर्ट सर्किट और आग लगने की आशंका को देखते हुए सभी पूजा पंडालों में अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था करने को कहा गया है।
इसके अलावा आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए निकासी मार्ग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
भीड़ नियंत्रण के लिए तैनात होंगे स्वयंसेवक
जिला प्रशासन ने पूजा समितियों को श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करने का निर्देश दिया है।
पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था रखने तथा अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होने देने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने पंडाल परिसरों में पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी कहा।
पूजा समितियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस और प्रशासन को दें।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर
काली पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान यातायात और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर भी प्रशासन ने विशेष जोर दिया है।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पूजा समितियां प्रतिमा विसर्जन से पहले स्थानीय थाना और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करें।
विसर्जन जुलूस निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार निकाला जाए। इस दौरान यातायात व्यवस्था बाधित नहीं हो, इसके लिए पूजा समितियों को प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया है।
जुलूस में अनुशासन बनाए रखने और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने आपत्तिजनक गीतों, भड़काऊ नारों और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है।
दीपावली पर पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने की अपील
जिला प्रशासन ने दीपावली के दौरान आम नागरिकों से भी सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
विशेष रूप से बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला नहीं छोड़ने और आतिशबाजी के लिए खुले एवं सुरक्षित स्थानों का चयन करने को कहा गया है।
पेट्रोल पंपों, बिजली के प्रतिष्ठानों, ज्वलनशील पदार्थों और भीड़भाड़ वाले स्थानों के आसपास पटाखे नहीं जलाने की सलाह दी गई है।

शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संदेश
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने पूजा समितियों, आयोजकों और आम नागरिकों से दीपावली एवं काली पूजा को शांति, प्रेम और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
उन्होंने सभी से जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों ने उपायुक्त और उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, उपसमाहर्ता नजारत सुदेश कुमार, नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी, समाजसेवी आलोक दुबे, शांति समिति के सदस्य जयसिंह यादव और सागर कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें: रांची: दीपावली पर तय स्थानों पर पटाखा बिक्री की अनुमति, सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश के साथ BNSS धारा 163 का आदेश संशोधित














