Advertisement
Weather News

केरल में समय से पहले मानसून की दस्तक, झारखंड को लेकर बढ़ी उम्मीदें

रांची: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस बार सभी को चौंकाते हुए 24 मई 2025 को केरल में औपचारिक रूप से दस्तक दे दी है। आमतौर पर मानसून 1 जून को केरल तट पर पहुंचता है, लेकिन इस बार यह 8 दिन पहले ही पहुंच गया, जिससे देशभर में किसानों और आम लोगों के बीच आशा की किरण जागी है।

मौसम विभाग के मुताबिक, वर्ष 2009 के बाद यह सबसे पहले मानसून का आगमन है। उस समय 23 मई को केरल में मानसून ने दस्तक दी थी। इससे पहले 1990 में यह रिकॉर्ड बना था, जब मानसून 19 मई को ही पहुंच गया था। इस बार भी मानसून का जल्दी आना पूरे देश के लिए राहत की खबर है।

Advertisement

झारखंड में 3 से 5 जून के बीच पहुंच सकता है मानसून

मौसम केंद्र, रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि सभी मौसमी स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। यदि यही परिस्थिति बनी रही, तो दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में प्रवेश के 10 से 12 दिन के भीतर झारखंड में भी दस्तक दे सकता है। ऐसे में अनुमान है कि 3 से 5 जून के बीच झारखंड में मानसून पहुंच सकता है।

झारखंड में सामान्यतः मानसून 10 से 12 जून के बीच आता है। लेकिन इस बार केरल में समय से पहले पहुंचने के कारण राज्यवासियों को भी पहले बारिश मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि इस बार मानसून सामान्य या उससे अधिक वर्षा ला सकता है।

हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 25 मई से 30 मई तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान गरज के साथ बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।

इन परिस्थितियों को देखते हुए मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है और मौसम की जानकारी पर ध्यान देना चाहिए।

किसानों और आमजन में खुशी की लहर

झारखंड में मानसून के जल्दी पहुंचने की खबर ने किसानों को खासा राहत दी है। बुआई की तैयारियों में जुटे किसानों को अब बारिश का बेसब्री से इंतजार है। वहीं, भीषण गर्मी से जूझ रहे आम नागरिकों को भी मानसून की यह जल्दी दस्तक ठंडी सांस लेने का मौका दे रही है।

जल्द शुरू होने वाली मानसूनी बारिश से कृषि गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। राज्य सरकार भी इससे जुड़ी योजनाओं को तेज करने में जुट गई है ताकि समय पर संसाधन और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

इसे भी पढ़ें: झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और आंधी ने दी गर्मी से राहत

Related Stories & Ads

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment