Advertisement
Jharkhand News

रांची में डिलीवरी ब्वॉय का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य

रांची : शहर में बढ़ते अपराधों पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने निर्देश जारी किया है कि अब रांची में काम करने वाले सभी डिलीवरी ब्वॉय का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा। यह नियम तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

हाल के दिनों में अपराधियों ने डिलीवरी ब्वॉय की वर्दी का गलत इस्तेमाल करते हुए चोरी और मोबाइल छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम दिया। कई बार घरों की रेकी करने के बाद इन्हीं बहाने से अपराधों को अंजाम देने की पुष्टि भी हुई। ऐसे मामलों के बाद पुलिस ने सुरक्षा तंत्र को और चौकस बनाने के लिए यह सख्त कदम उठाया है।

Advertisement

बिना वेरिफिकेशन काम पर नहीं रख पाएंगी कंपनियां

एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि अब कोई भी डिलीवरी कंपनी बिना पुलिस वेरिफिकेशन के किसी भी युवक को नौकरी नहीं दे पाएगी। इसके तहत कंपनियों को अपने सभी कर्मचारियों का विवरण संबंधित थाने में आवेदन के साथ उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।

यह प्रावधान केवल नए कर्मचारियों पर ही नहीं, बल्कि पहले से कार्यरत सभी डिलीवरी ब्वॉय पर भी लागू होगा। जल्द ही रांची पुलिस निजी डिलीवरी कंपनियों के साथ एक संयुक्त बैठक करेगी। इस बैठक में वेरिफिकेशन प्रक्रिया से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश साझा किए जाएंगे, ताकि इसे प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।

हर थाने में बनेगी डिलीवरी ब्वॉय की सूची

हर थाना क्षेत्र में डिलीवरी ब्वॉय की एक विस्तृत सूची तैयार की जाएगी। इस सूची में उनके नाम, पता, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज होंगी। इन जानकारियों को थाना स्तर पर एक विशेष रजिस्टर में सुरक्षित रखा जाएगा।

सूची का उद्देश्य यह है कि यदि किसी क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि होती है, तो पुलिस तुरंत उस व्यक्ति की पहचान कर सके। हाल ही में चुटिया थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह को पकड़ा था, जो डिलीवरी ब्वॉय की वर्दी पहनकर मोबाइल छिनतई कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से 26 मोबाइल फोन और एक चोरी की स्कूटी बरामद की थी।

इसी तरह कांके थाना क्षेत्र में भी कुछ घटनाओं का खुलासा हुआ, जहां अपराधियों ने डिलीवरी ब्वॉय का रूप धरकर पहले घरों की रेकी की और फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

अपराध पर रोक की ठोस पहल

एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने कहा कि रांची में हजारों युवा डिलीवरी सेवाओं से जुड़े हुए हैं। ऐसे में पुलिस वेरिफिकेशन को अनिवार्य बनाना बेहद जरूरी है, ताकि अपराधियों के लिए यह रास्ता बंद हो सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की यह पहल न सिर्फ सुरक्षा को मजबूत करेगी, बल्कि डिलीवरी कंपनियों और ग्राहकों के बीच विश्वास भी कायम करेगी। रांची पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस योजना को पूरी सख्ती के साथ लागू किया जाएगा।

इस कदम से उम्मीद है कि शहर में बढ़ते अपराधों पर रोक लगेगी और डिलीवरी सेवाएं अधिक सुरक्षित और जवाबदेह बनेंगी। यह पहल रांची को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Related Stories & Ads

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment