Advertisement
Weather News

Jharkhand Weather: मई में बारिश बनी राहत की बौछार, तापमान में गिरावट से राहत

Jharkhand Weather: मई महीने की शुरुआत होते ही झारखंड में मौसम ने बदला रुख ले लिया है। जहां अप्रैल की विदाई तेज गर्मी के साथ हुई, वहीं मई का आगमन गरज-चमक और आंधी-बारिश के साथ हुआ है। राजधानी रांची सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खुशनुमा बना हुआ है।

बारिश और आंधी की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को रांची में दिन का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से काफी नीचे है। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति छह मई तक बनी रह सकती है।

Advertisement

दूसरे सप्ताह में फिर दिखेगा गर्मी का तेवर

मौसम विभाग ने बताया कि मई के पहले सप्ताह में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। इसका असर तापमान पर भी दिखेगा और यह सामान्य से नीचे बना रहेगा। इस दौरान लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, मई के दूसरे सप्ताह से तापमान में इजाफा होना तय माना जा रहा है।

जैसे-जैसे बारिश कम होगी, वैसे-वैसे गर्मी फिर से अपना तेवर दिखाने लगेगी। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और रातें भी उमस भरी हो सकती हैं। न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

धनबाद में बारिश बनी मुसीबत, घरों में घुसा पानी

धनबाद के तेतुलतल्ला क्षेत्र में शुक्रवार को तेज बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। रेलकर्मियों के आवासों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे घर के सामान तैरने लगे। पिछले 24 घंटों में तेज आंधी और बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बन गई।

टुंडी में ओलावृष्टि से बदला दृश्य

जिले के टुंडी इलाके में शुक्रवार को आंधी और तेज बारिश के साथ ओले गिरे। ओलावृष्टि इतनी भारी थी कि घर-आंगन और चारों ओर की वादियां सफेद चादर में ढंक गईं। लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया और सोशल मीडिया पर साझा किया।

अलर्ट में झारखंड, आज यलो और कल ऑरेंज चेतावनी

मौसम विभाग ने शनिवार को गर्जन, वज्रपात और आंधी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जिसमें तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। लोगों को सुरक्षित रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

रांची में आज का मौसम कैसा रहेगा?

राजधानी रांची में शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। रविवार को इनमें एक-एक डिग्री का इजाफा हो सकता है। वहीं, आठ मई से मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है।

मौसम की इस करवट ने जहां एक ओर गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर कुछ जगहों पर लोगों को असुविधा का सामना भी करना पड़ा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिन सावधानी बरतने की जरूरत है।

Related Stories & Ads

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment