Jharkhand Sipahi Bahali: झारखंड में लंबे इंतजार के बाद सिपाही बहाली प्रक्रिया एक बार फिर तेज होने जा रही है। पुलिस मुख्यालय जल्द ही 4919 पदों पर नियुक्ति की औपचारिक शुरुआत करेगा। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई हालिया बैठक में पुलिस मुख्यालय को नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इससे बेरोजगार युवाओं में नई उम्मीद जगी है।
4919 पदों पर पहले चरण में बहाली
पुलिस मुख्यालय द्वारा पहले ही जिलों के 4919 सिपाही पदों के लिए रोस्टर क्लीयरेंस भेजा जा चुका है। 9671 पदों के बड़े रोस्टर क्लीयरेंस में अधिक समय लगने की आशंका के कारण फिलहाल पहले चरण में इन 4919 पदों पर ही बहाली शुरू की जा रही है। यह पूरी प्रक्रिया मार्च 2025 में अधिसूचित संयुक्त भर्ती नियमावली 2025 के तहत संचालित होगी।
वर्ष 2023 में जेएसएससी द्वारा सिपाही नियुक्ति का विज्ञापन निकला था, लेकिन सरकार ने अधियाचना वापस लेकर प्रक्रिया रद्द कर दी थी। अब दो वर्षों बाद पुनः नियुक्ति का रास्ता साफ किया जा रहा है और पुलिस मुख्यालय गृह विभाग को अधियाचना भेजने की तैयारी में है।
विभिन्न विभागों में हजारों पदों पर भर्ती
झारखंड सरकार कई महत्वपूर्ण विभागों में भी बड़े पैमाने पर नियुक्ति प्रक्रिया चला रही है। इसमें सहायक आचार्य के 8000 पद, उप समाहर्ता 207, डीएसपी 35, राज्य कर पदाधिकारी 56, दंत चिकित्सा पदाधिकारी 22 समेत अनेक विभागों में रिक्तियां शामिल हैं।
इसके अलावा 20 हजार से अधिक पदों पर जेएसएससी की परीक्षाएं विभिन्न चरणों में जारी हैं। महिला पर्यवेक्षिका परीक्षा में चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि कई अन्य परीक्षाएं प्रगति पर हैं।
28 नवंबर को होगा बड़ी संख्या में नियुक्ति पत्र वितरण
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 28 नवंबर को मोरहाबादी मैदान में 8512 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। प्रशासनिक स्तर पर इसकी तैयारी शुरू हो चुकी है। विभिन्न नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है तथा दस्तावेज उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी स्कूली शिक्षा विभाग को सौंपी गई है।
नियुक्ति पत्र वितरण स्थल पर कई काउंटर लगाए जाएंगे, ताकि किसी अभ्यर्थी को परेशानी न हो। यह कार्यक्रम अब तक की सबसे बड़ी वितरण प्रक्रिया में से एक माना जा रहा है।
सिपाही बहाली: योग्यता और आरक्षण
सिपाही बहाली में न्यूनतम योग्यता मैट्रिक और आयु सीमा 18 से 25 वर्ष तय किए जाने की उम्मीद है। यह आयु सीमा नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने की तिथि से लागू मानी जाएगी।
साथ ही झारखंड आंदोलनकारियों के एक आश्रित को 5 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने का प्रावधान पहली बार इस प्रक्रिया में लागू होगा। इससे आंदोलनकारी परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
अन्य चल रही भर्ती प्रक्रियाएं
स्नातक तकनीकी/विशिष्ट परीक्षा 2023 में 492 पद, क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा 2024 में 510, वैज्ञानिक सहायक 23, एसआई परीक्षा 975 पदों पर भर्ती जारी है। इसके अलावा एसआई के 946 और परिचारी के 29 पदों की अधियाचना गृह विभाग को भेजी गई है।
जीलों, वाहिनी और आईआरबी में भी 3000 से अधिक पदों पर बहाली की प्रक्रिया तैयार है, जिसमें जैप, आईआरबी और विशेष आईआरबी शामिल हैं।
यह बहाली अभियान झारखंड के युवाओं के लिए बड़ी राहत साबित होगा और राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।










