रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) में शामिल हुए करीब 4.85 लाख अभ्यर्थियों की OMR शीट ऑनलाइन अपलोड कर दी है। रिजल्ट से पहले उठाए गए इस कदम से परीक्षार्थी अब सीधे यह जांच सकेंगे कि परीक्षा के दौरान उनके कौन-से विकल्प रिकॉर्ड हुए हैं।
अभ्यर्थी जैक की आधिकारिक वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in पर जाकर अपनी लॉगिन आईडी और पासवर्ड की मदद से OMR शीट देख सकते हैं। इससे मूल्यांकन के दौरान किसी संभावित त्रुटि या उत्तर दर्ज होने को लेकर स्थिति पहले ही साफ हो जाएगी।
राज्य के 986 केंद्रों पर 1 नवंबर को JTET की परीक्षा हुई थी। इसमें कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 के लिए अलग-अलग पेपर लिए गए थे। OMR शीट सार्वजनिक करने के साथ ही काउंसिल ने मूल्यांकन की अगली प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
90 विशेषज्ञ तैयार करेंगे मॉडल आंसर-की
मूल्यांकन के अगले चरण में दोनों स्तरों की परीक्षाओं के लिए मॉडल आंसर-की जारी की जाएगी। प्रश्नों और उनके सही उत्तरों की विषयवार समीक्षा के लिए जैक 30 विशेषज्ञ कमेटियां बनाएगा। हर कमेटी में तीन सदस्य होंगे, यानी कुल 90 विशेषज्ञ मिलकर मॉडल उत्तर तैयार करेंगे। इन कमेटियों में विश्वविद्यालयों और झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (JCERT) के विशेषज्ञों के साथ-साथ हाईस्कूल व प्लस टू स्कूलों के शिक्षकों को रखा जाएगा।
उत्तर पर आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया
मॉडल आंसर-की जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को उस पर आपत्ति दर्ज कराने का समय मिलेगा। यदि किसी सवाल के जवाब पर असहमति हो, तो तय प्रक्रिया और निर्धारित शुल्क के साथ ऑनलाइन आपत्ति की जा सकेगी। इसके समर्थन में अभ्यर्थी को प्रमाणिक दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे। विशेषज्ञ कमेटियां इन आपत्तियों की जांच करेंगी, जिसके बाद फाइनल आंसर-की जारी होगी। अंतिम रिजल्ट इसी फाइनल आंसर-की के आधार पर तैयार किया जाएगा।
श्रेणीवार पासिंग मार्क्स (कुल 150 अंक, निगेटिव मार्किंग नहीं)
JTET के दोनों पेपर 150-150 अंकों के हैं और इसमें गलत उत्तर के लिए कोई अंक नहीं काटा जाएगा। पात्रता प्रमाण पत्र हासिल करने के लिए अलग-अलग श्रेणियों के न्यूनतम अंक तय हैं:
- सामान्य और EWS: 90 अंक
- पिछड़ा वर्ग (BC-1 और BC-2): 82.5 अंक
- SC, ST, PVTG और दिव्यांग: 78 अंक
तय अंक लाने वाले अभ्यर्थियों को JTET पात्रता प्रमाण पत्र मिलेगा, जो राज्य में आगे होने वाली शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में आवेदन के लिए अनिवार्य होगा।
इसे भी पढ़ें:














