रांची। झारखंड की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खूंखार गैंगस्टर मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा को अजरबैजान से भारत लाकर रांची पहुंचा दिया है। शनिवार को प्रत्यर्पण की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे रांची लाया गया। आज उसे रामगढ़ कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, मयंक सिंह का असली नाम सुनील सिंह मीणा है और वह लंबे समय से फरार था। वह झारखंड में कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था, जिस कारण उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसी नोटिस के आधार पर 29 अक्टूबर 2024 को उसे अजरबैजान में हिरासत में लिया गया था।
पिछले कई महीनों से चल रही कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रियाओं के बाद अब उसे भारत लाने का रास्ता साफ हुआ। झारखंड एटीएस की तीन सदस्यीय टीम, एसपी के नेतृत्व में बाकू (अजरबैजान की राजधानी) पहुंची थी। वहीं अजरबैजान प्रशासन ने गैंगस्टर को भारतीय टीम के हवाले किया। इसके बाद टीम उसे दिल्ली होते हुए रांची लेकर पहुंची।
गौरतलब है कि मयंक सिंह का नाम झारखंड के कुख्यात अमन साहू गिरोह से जुड़ा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि उसकी गिरफ्तारी से गिरोह की आपराधिक गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ेगा।









