Advertisement
Jharkhand News

झूठे मुकदमों में फंसाए जा रहे हिंदूवादी नेता? बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर साधा निशाना

Ranchi: झारखंड की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में हिंदूवादी विचारधारा से जुड़े लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजने की साजिश रची जा रही है।

मरांडी ने सरकार के इरादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीते साढ़े पाँच वर्षों में ऐसे कई उदाहरण सामने आए हैं जहाँ निर्दोषों को राजनीतिक द्वेष के तहत फर्जी मामलों में फँसाया गया है। उन्होंने रांची के युवा भैरव सिंह के मामले को ताजा उदाहरण बताते हुए कहा कि एक बार फिर राज्य सरकार झूठी कार्रवाई की तैयारी में है।

Advertisement

“सरकार की शह पर षड्यंत्र कर रही पुलिस” – मरांडी

भाजपा नेता ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था का दुरुपयोग कर सरकार अपने विरोधियों को दबाने का प्रयास कर रही है। भैरव सिंह से जुड़ी जानकारियाँ प्रथम दृष्टया संदेहास्पद प्रतीत हो रही हैं और उन्हें साजिश के तहत निशाना बनाया जा रहा है।

मरांडी ने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे पुलिस अधिकारी जो सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं, वे कान खोलकर सुन लें – जनता को झूठे केस में फँसाना जितना आसान है, उसे कोर्ट में साबित करना उतना ही कठिन है। उन्होंने अधिकारियों को कानूनी परिणामों की चेतावनी भी दी।

“जनता न्यायप्रिय है, मुख्यमंत्री की तरह मुकदमेबाज़ नहीं”

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि झारखंड की जनता कानून का सम्मान करती है और न्याय में विश्वास रखती है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर व्यंग्य करते हुए कहा कि जनता मुख्यमंत्री की तरह महंगे वकीलों के दम पर जांच को भटकाने की कोशिश नहीं करती, न ही कोर्ट-कचहरी में माहिर है।

मरांडी ने कहा कि इस मामले में सरकार को पूर्वाग्रह छोड़कर निष्पक्ष जांच करानी चाहिए, ताकि निर्दोषों का भविष्य अंधकारमय न हो। उन्होंने यह भी कहा कि किसी एक के राजनीतिक लाभ के लिए राज्य के युवाओं को बर्बाद करने का खेल अब नहीं चलेगा।

मुख्यमंत्री से की निष्पक्ष जांच की अपील

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील करते हुए कहा कि वे व्यक्तिगत द्वेष से ऊपर उठकर मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए, चाहे वे कोई भी हों।

बाबूलाल मरांडी के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो सकती है। विपक्ष जहां इस मुद्दे को लेकर सरकार पर हमलावर हो चुका है, वहीं अब यह देखना होगा कि हेमंत सरकार इस पूरे घटनाक्रम पर क्या प्रतिक्रिया देती है।

Related Stories & Ads

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment