मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत बिगड़ी, बाथरूम में गिरने से ब्रेन में ब्लड क्लॉट, दिल्ली ले जाने की तैयारी

मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत बिगड़ी, बाथरूम में गिरने से ब्रेन में ब्लड क्लॉट, दिल्ली ले जाने की तैयारी

जमशेदपुर/रांची: झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत अचानक गंभीर हो गई है। जानकारी के मुताबिक, वे अपने आवास में बाथरूम में फिसलकर गिर गए जिससे उनके सिर और हाथ में गहरी चोटें आईं। सिर पर लगी चोट की वजह से ब्रेन में ब्लड क्लॉट बन गया है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

उन्हें तुरंत इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के अपोलो अस्पताल एयरलिफ्ट किए जाने की तैयारी की जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री की निगरानी में पूरी व्यवस्था, समर्थकों की बढ़ी चिंता

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मंत्री रामदास सोरेन की स्थिति को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि मंत्री के सिर पर गंभीर चोटें हैं और ब्रेन में ब्लड क्लॉट हो गया है। इरफान अंसारी ने कहा कि वे खुद उनकी सेहत पर पल-पल नजर रख रहे हैं।

इरफान अंसारी ने यह भी कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं कि रामदास सोरेन जल्द स्वस्थ होकर लौटें। उन्होंने यह सुनिश्चित किया है कि दिल्ली ले जाने की प्रक्रिया में कोई देरी न हो और सभी मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।

अस्पताल के बाहर जुटे समर्थक, राजनीतिक हलचल तेज

घटना की जानकारी मिलते ही झामुमो के विधायक मंगल कालिंदी, प्रवक्ता कुणाल सारंगी सहित कई नेता और कार्यकर्ता टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंच गए हैं। अस्पताल परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ देखी जा रही है जो मंत्री के जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रही है।

जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल पहुंच गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है ताकि किसी प्रकार की अफरातफरी न हो।

वरिष्ठ नेता और कोल्हान में झामुमो का चेहरा

रामदास सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। वे घाटशिला विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और उन्हें कोल्हान का बड़ा आदिवासी चेहरा माना जाता है। चंपई सोरेन के भाजपा में जाने के बाद हेमंत सोरेन ने उन्हें कोल्हान में झामुमो की साख बनाए रखने के लिए शिक्षा मंत्री बनाया था।

हाल ही में 2024 विधानसभा चुनावों के बाद उन्हें दोबारा मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वे पार्टी के भीतर एक मजबूत और लोकप्रिय नेता माने जाते हैं।

परिवार के सदस्य अस्पताल में मौजूद, पीए ने दी जानकारी

मंत्री के पीए वीर सिंह मुंडा ने बताया कि रामदास सोरेन अचानक आवास में बाथरूम में गिर गए। इससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और ब्रेन में क्लॉट हो गया है। दिल्ली एयरलिफ्ट की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अस्पताल में इस समय उनके बेटे सोमेन और गोविंद सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद हैं और हर पल उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। पूरे झारखंड में उनके समर्थक और कार्यकर्ता उनके स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment