रांची: सिमडेगा की नाबालिग बच्ची से जुड़े कथित दुष्कर्म मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने इस प्रकरण को लेकर राज्य सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, सुदेश महतो ने आरोप लगाया कि पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत गंभीर आरोप कांग्रेस विधायक पर हैं, लेकिन कार्रवाई आरोपी के बजाय खबर सामने लाने वाले पत्रकारों पर होती दिख रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है।
पुलिस और दबाव बनाने के आरोपों पर जांच की मांग
सुदेश महतो ने ‘भारतमित्र चैनल’ के कार्यालय में बिना सर्च वारंट पुलिस के घुसने और साक्ष्य नष्ट करने के प्रयास संबंधी आरोपों को गंभीर बताया। इसके साथ ही उन्होंने पीड़िता को कथित तौर पर आरोपी विधायक के आवास ले जाने और परिजनों के जरिए दबाव बनाने की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
आजसू प्रमुख ने सरकार के सामने चार प्रमुख मांगें रखी हैं:
- पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए पूरी तरह दबावमुक्त माहौल में उसका बयान दर्ज कराया जाए।
- पूरे मामले के सभी साक्ष्य सुरक्षित रखे जाएं और निष्पक्ष जांच हो।
- आरोपी विधायक सहित दोषी पाए जाने वाले हर व्यक्ति पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
- पत्रकारों को डराने और जांच में बाधा डालने के आरोपों की स्वतंत्र जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई हो।
सुदेश महतो ने अपने बयान में कहा कि सत्ता या विधायक का पद किसी को कानून से ऊपर नहीं बनाता और न ही पुलिस की वर्दी जवाबदेही से बचने का माध्यम बन सकती है।
विधायक भूषण बाड़ा पर लगे आरोपों पर देवशरण भगत का बयान
इसी मामले में आजसू नेता डॉ. देवशरण भगत ने भी राज्य सरकार से सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर लगे आरोपों की समयबद्ध और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।
जारी बयान के मुताबिक, डॉ. भगत ने सवाल उठाया कि क्या झारखंड में आम नागरिक और सत्ता पक्ष के विधायक के लिए कानून के मापदंड अलग-अलग हैं। उन्होंने कहा कि पीड़िता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच किसी भी राजनीतिक दबाव या हस्तक्षेप से मुक्त होनी चाहिए, ताकि न्याय व्यवस्था में जनता का भरोसा कायम रहे।
इसे भी पढ़ें:
न्यूज़ चैनल दफ्तर में पुलिस कार्रवाई पर भड़के दीपक प्रकाश, विधायक भूषण बाड़ा को बचाने का लगाया आरोप














