रांची: सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश द्वारा राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर लगाए गए आरोपों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने प्रतिक्रिया दी है। झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने एक बयान जारी कर कहा कि नाबालिग बच्ची के साथ कथित यौन शोषण का मामला बेहद गंभीर है और सरकार को इसकी निष्पक्ष व पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
विनोद कुमार पांडेय के मुताबिक, इस प्रकरण में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और किसी भी व्यक्ति को उसके पद, राजनीतिक प्रभाव या पार्टी से जुड़े होने के कारण संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। झामुमो महासचिव ने जोर देकर कहा कि जांच एजेंसियों को तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक जाना चाहिए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
न्यूज चैनल दफ्तर में पुलिस कार्रवाई पर भी बोले
न्यूज चैनल के कार्यालय में पुलिस की कार्रवाई को लेकर उठाए गए सवालों पर भी झामुमो महासचिव ने अपना पक्ष रखा। प्रेस बयान के अनुसार, पांडेय ने कहा कि यदि पुलिस कार्रवाई की प्रक्रिया में किसी तरह की अनियमितता हुई है, तो उसकी भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस को कानून के दायरे में रहकर ही अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए, क्योंकि मीडिया की स्वतंत्रता और कानून के पालन—दोनों का सम्मान जरूरी है।
साजिश की आशंका पर जांच की मांग
झामुमो महासचिव ने मामले में राजनीतिक साजिश की आशंका जताते हुए इसकी भी जांच की मांग की। बयान में कहा गया है कि यदि राजनीतिक लाभ के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है या कोई साजिश रची गई है, तो उसका पर्दाफाश होना चाहिए। जांच में ऐसे किसी भी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, जिसने जानबूझकर साजिश रची है, तो उसे भी बेनकाब कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
पांडेय ने कहा कि ऐसे गंभीर मामलों को केवल राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रखना चाहिए। न तो किसी आरोपी को राजनीतिक संरक्षण मिलना चाहिए और न ही जांच को प्रभावित करने की कोशिश होनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें:
न्यूज़ चैनल दफ्तर में पुलिस कार्रवाई पर भड़के दीपक प्रकाश, विधायक भूषण बाड़ा को बचाने का लगाया आरोप














