गोड्डा: जिले के महागामा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहानी गांव में 28 वर्षीय विवाहिता प्रियंका कुमारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि ‘मंईयां सम्मान योजना’ की राशि से पति द्वारा मोबाइल खरीदे जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
मृतका सुनील साव की पत्नी थी। जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त सुनील खेत में धान की कटाई करने गया था और घर पर केवल बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका हुआ शव देखा गया। घटना से पहले घर के अंदर कपड़ा जलाए जाने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
योजना के पैसे और दूसरी शादी को लेकर रहता था तनाव
सूचना पाकर मोहानी गांव पहुंचे मृतका के पिता बिट्टू साव ने दामाद सुनील साव और समधन पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। बिट्टू साव के अनुसार, प्रियंका और सुनील के बीच अक्सर विवाद होता था और मंईयां सम्मान योजना के पैसों को लेकर भी अनबन चल रही थी।
पिता ने दावा किया कि योजना से मिली राशि से सुनील ने मोबाइल खरीद लिया था। इसी बात पर बुधवार को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि पति और सास ने मिलकर प्रियंका के साथ मारपीट की और बाद में शव को फंदे से लटका दिया। पिता का यह भी कहना है कि सुनील दूसरी शादी करना चाहता था, जिससे घर में तनाव बना रहता था।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
मौके पर पहुंची महागामा थाना की पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया। महागामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस के अनुसार, परिजनों से लिखित आवेदन मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गई है।
इसे भी पढ़ें: झारखंड वोटर लिस्ट में खेल? 1 घर में मिले 126 मतदाता
इस योजना की पूरी कवरेज: मंईयां सम्मान योजना की खबरें और सहायता गाइड












