रांची। छठ पर्व पर बिहार लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची के सरकारी बस स्टैंड से स्पेशल बसें चलाई जा रही हैं। बस चालक नितेश राय के मुताबिक, बिहार सरकार की ओर से पटना, गया और मुजफ्फरपुर के लिए कुल सात बसों का संचालन हो रहा है। पहले इस रूट पर पांच बसें चलती थीं, जिसे इस बार बढ़ाकर सात कर दिया गया है।
दो अतिरिक्त बसें बढ़ने से त्योहार में घर जाने वाले लोगों को सीधा फायदा मिल रहा है। इन सरकारी बसों का किराया तय होने के कारण यात्रियों से मनमानी वसूली की गुंजाइश नहीं है।
पटना रूट की टाइमिंग और किराया
- रवानगी का समय: रांची से पटना के लिए रात नौ बजे से तीन बसें बारी-बारी से खुलती हैं।
- बस की श्रेणी: इनमें एक स्लीपर और दो एसी सीटर बसें शामिल हैं।
- पहुंचने का समय: ये बसें सुबह करीब पांच बजे यात्रियों को पटना के गांधी मैदान पहुंचाती हैं।
- निर्धारित किराया: रांची से पटना तक का किराया 700 रुपये तय किया गया है।
ट्रेन में वेटिंग, बसों की तरफ मुड़े यात्री
ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिलने और हवाई किराया महंगा होने की वजह से बड़ी संख्या में यात्री बस का रुख कर रहे हैं। पटना जा रहे यात्री यागेंद्र सिंह का कहना है कि छठ के समय ट्रेनों में सीट मिलना बेहद मुश्किल हो जाता है और फ्लाइट का टिकट बजट से बाहर है। ऐसे में अतिरिक्त बसें चलाना यात्रियों के लिए बड़ी राहत है।
वहीं, एक अन्य यात्री विजय कुमार पहली बार बस से पटना का सफर कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ट्रेन में टिकट नहीं मिलने के कारण उन्होंने बस चुना है और बसों की संख्या बढ़ने से घर आने-जाने में काफी सहूलियत हो रही है।














