रांची। आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में झारखंड सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार, 10 नवंबर की रात एक्स पर इसकी जानकारी दी। इससे कुछ घंटे पहले भाजपा ने रांची में मशाल जुलूस निकालकर सीबीआई जांच की मांग की थी। निशा के परिजन भी केंद्रीय एजेंसी से जांच चाहते थे।
निशा भगत प्रकरण की जांच अब CBI करेगी। निर्देश दे दिए गए हैं।
मशाल जुलूस के बाद आया मुख्यमंत्री का ऐलान
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने मंगलवार को रांची में मशाल जुलूस निकालकर निशा भगत की मौत की निष्पक्ष जांच और उनके परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई थी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सरकार के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के आंदोलन और लगातार दबाव के चलते सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की। साहू ने उम्मीद जताई कि जांच से निशा भगत की मौत से जुड़े सभी पहलू सामने आएंगे और उनके परिवार को न्याय मिलेगा।
दो लोगों पर प्राथमिकी, पिठोरिया थाना प्रभारी लाइन हाजिर
मुख्यमंत्री की घोषणा से पहले रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया था कि विशेष जांच दल (एसआईटी) मामले की पड़ताल कर रहा है। निशा भगत के पिता की लिखित शिकायत पर पुलिस ने ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। परिजनों ने शिकायत में प्रताड़ना और साजिश के आरोप लगाए हैं। पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय को लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस के मुताबिक, शिकायत में थाना प्रभारी की भूमिका पर उठाए गए सवाल भी जांच के दायरे में हैं।
यह भी पढ़ें — पिठोरिया थाना प्रभारी लाइन हाजिर, दो लोगों पर केस दर्ज
छह नवंबर को पिठोरिया में हुई थी निशा भगत की मौत
निशा भगत की मौत 6 नवंबर 2026 को रांची के पिठोरिया में हुई थी। इससे पहले उन्होंने फेसबुक लाइव में जमीन से जुड़े विवादों और प्रशासनिक सहयोग की कमी का मुद्दा उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि जमीन के मामलों में आवाज उठाने के कारण उन्हें परेशान किया जा रहा था। उनकी मौत के बाद पिता ने पिठोरिया थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने सात दिन में मांगी रिपोर्ट
राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराने और सात दिनों के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है। आयोग ने यह जानकारी भी मांगी है कि निशा भगत की पहले की शिकायतों पर पुलिस ने क्या कदम उठाए थे।














