Ranchi | रांची के पिठोरिया की आदिवासी नेत्री निशा भगत की खुदकुशी के मामले में पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, मृतका के पिता की लिखित शिकायत पर ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की पड़ताल के लिए एसएसपी के निर्देश पर एसआईटी गठित की गई है, जो सभी पहलुओं के साथ तत्कालीन थानेदार की भूमिका की भी जांच कर रही है।
रांची ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के अनुसार, एसआईटी पूरे प्रकरण की जांच निष्पक्ष तरीके से कर रही है और इसका अनुसंधान डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपा गया है। ग्रामीण एसपी ने स्पष्ट किया कि साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कानून के तहत कदम उठाए जाएंगे। पुलिस फिलहाल फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रही है।
फेसबुक लाइव में लगाए थे गंभीर आरोप
यह घटना 6 नवंबर 2026 की है। निशा भगत ने पिठोरिया स्थित अपने आवास पर करीब 10 से 11 मिनट का एक फेसबुक लाइव वीडियो किया था। वीडियो के दौरान भावुक दिख रहीं निशा ने जमीन से जुड़े विवादों, कथित कब्जों, जमीन माफिया और प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई न होने का जिक्र किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि जमीन के मुद्दों पर आवाज उठाने की वजह से उन्हें परेशान किया जा रहा है और सोशल मीडिया पर ‘दलाल’ कहकर उनका चरित्र हनन किया जा रहा है।
पिता ने दर्ज कराई नामजद शिकायत
घटना के बाद निशा भगत के पिता ने पिठोरिया थाने में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी को लंबे समय से मानसिक व सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर चरित्र हनन करने के साथ-साथ झूठे मुकदमों में फंसाने का दबाव बनाया जा रहा था। पिता की तहरीर पर अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा उन्होंने तत्कालीन थाना प्रभारी सतीश पांडेय और अन्य पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।
मामले पर गरमाई राजनीति, महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट
इस घटना के बाद राज्य में राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने आदिवासियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर हेमंत सोरेन सरकार को घेरा है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है। दूसरी तरफ, राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले पर स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने झारखंड प्रशासन से सात दिनों के अंदर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट तलब की है।
इसे भी पढ़ें: निशा भगत आत्महत्या मामला: रांची में भाजपा का मशाल जुलूस, सीबीआई जांच की मांग और 18 नवंबर को प्रमंडल बंद का एलान














