रांची: रांची नगर निगम ने शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सार्वजनिक मार्गों को सुगम बनाने के उद्देश्य से गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। निगम की टीम ने वार्ड संख्या-16 (मौजा कोनका, थाना संख्या-198, सर्वे वार्ड संख्या-IV) के अंतर्गत कर्बला चौक से बहुबाजार मार्ग के समीप सरकारी भूमि और सड़क फ्लैंक पर बनी लगभग 14 अस्थायी संरचनाओं को हटा दिया।
नगर निगम के जन-संपर्क कोषांग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस स्थल पर सक्षम प्राधिकार की अनुमति के बिना दुकानें व अन्य व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही थीं, जिससे आम नागरिकों के आवागमन और यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही थी।
क्या-क्या हटाई गईं संरचनाएं
निगम की कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे और सरकारी जमीन पर अवैध रूप से संचालित दुकानों, गुमटियों, अवैध मीट दुकानों, शेड, जर्जर बाउंड्री वॉल तथा अन्य अस्थायी निर्माणों को हटाया गया। विज्ञप्ति के अनुसार, रास्ते में मौजूद जर्जर बाउंड्री वॉल को हटाए जाने से वहां स्थित सुलभ शौचालय तक आम नागरिकों की पहुंच अब सुगम हो गई है।
इसे भी पढ़ें: दुर्गोत्सव के बाद रांची के 74 तालाबों में सफाई अभियान शुरू, निगम ने की घाटों पर कचरा न डालने की अपील
कार्रवाई से पहले दी गई थी तीन दिन की मोहलत
रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया कि इस ध्वस्तीकरण से पूर्व संबंधित लोगों को आम सूचना जारी कर तीन दिनों के भीतर सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। नोटिस में चेतावनी दी गई थी कि तय समय-सीमा में कब्जा न हटाने पर निगम खुद कार्रवाई करेगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित पक्षों की होगी। निर्धारित प्रक्रिया और समय पूरा होने के बाद ही यह कार्रवाई की गई।
दोबारा कब्जा करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
अभियान के दौरान नगर निगम ने सख्त निर्देश दिया कि सक्षम प्राधिकार की अनुमति के बिना उक्त मार्ग और सड़क फ्लैंक पर किसी भी तरह की वेंडिंग, फल-सब्जी बाजार अथवा व्यावसायिक गतिविधि संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। निगम प्रशासन ने दोहराया है कि सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नागरिक सुविधाओं और शिकायतों के लिए नगर निगम ने स्मार्ट रांची ऐप, व्हाट्सएप चैटबॉट (814-123-1235) और टोल-फ्री नंबर (1800-570-1235) की जानकारी भी साझा की है।












