रांची: ऐतिहासिक 40 पड़हा मुड़मा जतरा के सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री सह मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण पर जोर
समीक्षा बैठक में मंत्री ने निर्देश दिया कि जतरा में जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने ग्रामीण एसपी को जिला पुलिस अधीक्षक के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा का विस्तृत खाका तैयार करने और जरूरत के मुताबिक पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की मौजूदगी, ट्रैफिक मैनेजमेंट और आपातकालीन व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जमीन पर मुस्तैदी से दिखे।
रातभर के आयोजनों के लिए निर्बाध बिजली और रोशनी
मुड़मा जतरा में शाम से सुबह तक चलने वाले कार्यक्रमों के मद्देनजर बिजली विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने जतरा समिति के साथ मिलकर जरूरी स्थानों की सूची का पुनर्सत्यापन करने और बिजली खपत के आकलन के आधार पर समय रहते व्यवस्था पूरी करने को कहा, ताकि आयोजन के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो।

तीनों राजकीय जतरा का बजट बढ़ाने का प्रस्ताव जाएगा सीएम के पास
बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि मांडर विधानसभा क्षेत्र के तीनों राजकीय जतरा के वार्षिक बजट में बढ़ोतरी की जरूरत है। महंगाई और आयोजन के बढ़ते दायरे को देखते हुए वे जतरा समितियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगी और बजट आवंटन बढ़ाने का ठोस प्रस्ताव रखेंगी।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पूर्व में स्वीकृत 70 लाख रुपये के आवंटन से अधिक हुए खर्च की जिम्मेदारी समिति को अपने स्तर पर देखनी होगी। भविष्य के लिए अतिरिक्त वित्तीय जरूरतों और वास्तविक खर्च का स्पष्ट ब्योरा तैयार कर सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
इसे भी पढ़ें: ऐतिहासिक मुड़मा जतरा: आस्था का अपमान, परंपरा का व्यापार और मूकदर्शक समाज
सांस्कृतिक पहचान और प्रशासनिक समन्वय
मंत्री ने कहा कि 40 पड़हा मुड़मा जतरा आदिवासी-मूलवासी समाज की ऐतिहासिक परंपरा, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। इसका संरक्षण समाज के साथ-साथ सरकार और प्रशासन की भी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण और पारंपरिक तरीके से आयोजन में शामिल होने की अपील की।
बैठक में शामिल पदाधिकारी
इस समीक्षा बैठक में ग्रामीण एसपी, रांची के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), खलारी एवं बेड़ो के पुलिस उपाधीक्षक (DSP), मांडर, चान्हो, बेड़ो, इटकी एवं बुढ़मू के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) व अंचलाधिकारी (CO) सहित बिजली, पेयजल एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।














