कांके (रांची): दिल्ली से फर्जी पहचान पत्रों के सहारे वाहन गायब करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ दिल्ली पुलिस और स्थानीय कांके पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने कांके स्थित सुहाना सिटी में गिरोह के मुख्य आरोपी समीर अंसारी के आवास पर छापेमारी कर चोरी के दो थार वाहन और चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
GPS से लैस वाहन के सहारे कांके तक पहुंची पुलिस
दिल्ली पुलिस के अनुसार, गिरोह तक पहुंचने के लिए एक योजनाबद्ध रणनीति बनाई गई थी। पुलिस ने जीपीएस (GPS) से लैस एक वाहन को ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से किराये पर लगवाया। गिरोह के सदस्यों ने कथित तौर पर उस वाहन को भी किराये पर लेकर चोरी किया और उसे कांके स्थित समीर अंसारी के घर ले आए। जीपीएस लोकेशन को ट्रैक करते हुए दिल्ली पुलिस की टीम सीधे रांची के कांके पहुंच गई।
सुबह 5 बजे संयुक्त छापेमारी, धान के खेत की ओर भागा आरोपी
दिल्ली पुलिस ने समीर के आवास की पहचान करने के बाद देर रात करीब 3 बजे से इलाके की निगरानी शुरू की। इसके बाद सुबह 5 बजे कांके पुलिस को सूचना देकर संयुक्त रूप से छापेमारी की गई। पुलिस के मुताबिक, दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर मौजूद लोगों ने करीब दो घंटे तक दरवाजा नहीं खोला। इसी दौरान मुख्य आरोपी समीर अंसारी घर के पिछले दरवाजे से निकलकर धान के खेत की ओर भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।
फर्जी दस्तावेज और नंबर प्लेट लगाकर खपाते थे वाहन
दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह गिरोह ट्रैवल एजेंसियों से चारपहिया वाहन किराये पर लेता था और फिर उन्हें लेकर फरार हो जाता था। पिछले करीब आठ महीनों से गिरोह के सदस्य कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड और जाली पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर सैकड़ों वाहन गायब कर चुके थे। वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका इस्तेमाल किया जाता था या फिर उन्हें बेच दिया जाता था और कबाड़ में खपा दिया जाता था।
इसे भी पढ़ें: रांची और जमशेदपुर से जुड़े ड्रग्स नेटवर्क की जांच, विदेशी नंबरों से संपर्क का दावा
फर्जी पासपोर्ट और वाहन बरामद, परिजनों से पूछताछ
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर से दो थार और चार दोपहिया वाहन जब्त किए। पुलिस का कहना है कि सभी वाहनों पर दिल्ली के फर्जी नंबर प्लेट लगे थे। इसके अलावा मौके से एक कथित फर्जी पासपोर्ट भी बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि पासपोर्ट पर तस्वीर समीर की थी जबकि नाम किसी अन्य व्यक्ति का दर्ज था, और इसी के सहारे वह कथित तौर पर दुबई भी जा चुका था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस समीर के बड़े भाई इरफान अंसारी, छोटे भाई शम्मी अंसारी, अमन अंसारी और इरफान अंसारी की पत्नी को हिरासत में लेकर कांके थाना ले आई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और गिरोह के व्यापक नेटवर्क की पड़ताल के लिए तलाश जारी है।












