रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 23 अक्टूबर को तीन दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचेंगे। वे 24 अक्टूबर को आयोजित भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर प्रदेश भाजपा ने तैयारियां पूरी करने की जानकारी दी है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे और स्वागत व्यवस्था की समीक्षा की। स्वागत के तहत राजधानी रांची में झंडे, बैनर और तोरण द्वार लगाए गए हैं।
भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का झारखंड में यह दूसरा दौरा है।

तय कार्यक्रम के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष 23 अक्टूबर की शाम 7 बजे रांची हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। विज्ञप्ति में बताया गया है कि हवाई अड्डे पर पारंपरिक रीति-रिवाजों, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद 24 अक्टूबर को वे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
तैयारी बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय व राकेश प्रसाद, संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, अमर कुमार बाउरी व मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, अमित सिंह, अमरदीप यादव, मुनीर उरांव व शालिनी बैसिखियार, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, कोषाध्यक्ष दीपक बंका व सूरज चौरसिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह सहित सीमा सिंह, शशांक राज, राकेश भाष्कर, संजीव विजयवर्गीय, वरुण साहू, नरेंद्र सिंह और दर्ज महतो सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें: रांची में 24–25 अक्टूबर को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे नितिन नवीन












