Ranchi: आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा और एनडीए को हराने के लिए कांग्रेस ने बड़ा हथकंडा अपनाया है। उसने एनडीए के सामने इंडिया गठबंधन को बनाकर भाजपा विरोधी वोटों का बिखराव रोकने के लिए पूरी तैयारी की है। अब मतदाताओं के ऊपर से पीएम मोदी के जादू को कम करने के लिए चुनाव प्रचार में जादूगरों का सहारा लेने की पूरी योजना बनाई गई है।
रांची के झारखंड कांग्रेस भवन में शुक्रवार को महाराष्ट्र के नागपुर से आए जादूगर चिंगारा और उनकी टीम ने प्रदेश स्तर के कांग्रेस नेताओं को कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का आह्वान करने वाला जादू भी दिखाया। जादूगर चिंगारा के जादू को प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने इतना पसंद किया कि उन्होंने जादूगर से इस खर्च का पूरा कोटेशन मांग लिया है।
सभी चुनावी सीटों पर जादूगरों का खेल
झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता जगदीश साहू और प्रदेश महासचिव राकेश सिन्हा ने कहा कि चुनाव प्रचार में जादूगरों की मदद से उन्हें भाजपा में घबराहट दिख रही है। उन्होंने चुनाव जीतने के लिए और अपनी बात जनता तक पहुंचाने के लिए संचार के विभिन्न साधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। झारखंड में जादू की कला को लोग बड़ी उत्सुकता और खुशी-खुशी देख रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अगर प्रोफेशनल जादूगर जनता को अपनी जादूगरी के बीच कांग्रेस के 05 न्याय-25 गारंटी की जानकारी देंगे तो यह वोटरों पर सकारात्मक असर डालेगा। इसलिए भाजपा के राज्य स्तरीय नेता घबरा गए हैं और अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
नागपुर से रांची आए जादूगर चिंगारा कहते हैं कि पाकुड़ से विधायक और मंत्री आलमगीर आलम के लिए वह 2019 विधानसभा चुनाव में जादू दिखा चुके हैं। उनके मैजिक शो का खासा असर भी वोटरों हुआ है। अब उनकी इच्छा है कि लोकसभा चुनाव में जादू के बल पर मतदाताओं को गोलबंद करने की है।