Ranchi: झारखंड विधानसभा के चालू मानसून सत्र में एनडीए गठबंधन ने राज्य सरकार को घेरने के लिए कई अहम मुद्दों पर रणनीति तैयार की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित विधायक दल की बैठक में जदयू विधायक सरयू राय, आजसू विधायक निर्मल महतो, लोजपा विधायक जनार्दन पासवान, भाजपा विधायक सीपी सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए।
सूर्या हांसदा एनकाउंटर पर अड़ेगा एनडीए
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि आदिवासी कार्यकर्ता सूर्या हांसदा का एनकाउंटर फर्जी है और यह राज्य सरकार की साजिशन हत्या है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार और स्थानीय जनता की राय स्पष्ट है कि इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। इस मुद्दे को सदन में जोर-शोर से उठाया जाएगा।
विधि व्यवस्था, शिक्षा और किसानों की समस्याएं
नवीन जायसवाल ने कहा कि राज्य में विधि व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा की स्थिति दयनीय है, शिक्षकों की भारी कमी और बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। विश्वविद्यालय संशोधन बिल को लेकर भाजपा का आरोप है कि सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए राज्यपाल के अधिकारों को समाप्त करना चाहती है।
अटल क्लीनिक का नाम बदलने पर आपत्ति
बैठक में अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से संचालित अटल क्लीनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा क्लीनिक करने पर भी कड़ा विरोध जताया गया। भाजपा का कहना है कि सरकार चाहे तो मदर टेरेसा के नाम पर नई योजना शुरू करे, लेकिन अटल जी का नाम बदलना राज्य निर्माता का अपमान है।
किसानों की परेशानी और यूरिया कालाबाजारी
एनडीए विधायकों ने अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों की समस्याओं और राज्य में यूरिया खाद की कालाबाजारी को भी बड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि किसान महंगे दामों पर यूरिया खरीदने को मजबूर हैं और भदई फसलें बर्बाद हो चुकी हैं।
सुरक्षा और बेरोजगारी के मुद्दे
बैठक में विपक्षी दलों के पूर्व विधायकों की सुरक्षा हटाए जाने का भी मुद्दा उठाया गया। वहीं, सत्ता पक्ष के नेताओं को बड़े पैमाने पर सुरक्षा दी जा रही है। बेरोजगारी, परीक्षाओं में धांधली और युवाओं की समस्याओं को भी एनडीए ने सदन में उठाने का निर्णय लिया।
आजसू विधायक निर्मल महतो ने पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो को मिल रही धमकियों को गंभीर बताते हुए इसे सदन में उठाने की बात कही। वहीं लोजपा विधायक जनार्दन पासवान ने भी गठबंधन के सभी मुद्दों पर एकजुट होकर सरकार को घेरने का भरोसा जताया।








