पीएम मोदी आज करेंगे 11,000 करोड़ की राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन

पीएम मोदी आज करेंगे 11,000 करोड़ की राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 17 अगस्त 2025 को दिल्लीवासियों को बड़ी सौगात देने वाले हैं। दोपहर 12:30 बजे रोहिणी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी लगभग 11,000 करोड़ रुपये की दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड और शहरी विस्तार सड़क-II (UER-II) शामिल हैं।

द्वारका एक्सप्रेसवे: दिल्ली खंड का उद्घाटन आज

द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड 10.1 किलोमीटर लंबा है और इसकी लागत करीब 5,360 करोड़ रुपये आई है। इसे दो पैकेजों में विकसित किया गया है—शिव मूर्ति चौराहे से द्वारका सेक्टर-21 तक 5.9 किमी और द्वारका सेक्टर-21 से दिल्ली-हरियाणा सीमा तक 4.2 किमी।
यह खंड यशोभूमि, दिल्ली मेट्रो की ब्लू और ऑरेंज लाइन, प्रस्तावित बिजवासन रेलवे स्टेशन और द्वारका बस डिपो से मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। मार्च 2024 में हरियाणा खंड का उद्घाटन हो चुका है, जिससे अब पूरा प्रोजेक्ट जुड़ जाएगा।

इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद नोएडा से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक की यात्रा का समय करीब 40 मिनट घटने की उम्मीद है।

UER-II से दिल्ली को मिलेगा यातायात से राहत

शहरी विस्तार सड़क-II (UER-II) का उद्घाटन भी आज पीएम मोदी करेंगे। अलीपुर से दिचाऊं कलां तक फैले इस प्रोजेक्ट की लागत लगभग 5,580 करोड़ रुपये है।
यह सड़क दिल्ली की इनर और आउटर रिंग रोड, मुकरबा चौक, धौला कुआं और राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर यातायात दबाव कम करेगी। साथ ही यह बहादुरगढ़ और सोनीपत तक सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।

परियोजना की एक अहम विशेषता है 10 लाख मीट्रिक टन बायोमाइनिंग कचरे का उपयोग, जिससे इसे पर्यावरण अनुकूल और स्थायी विकास का प्रतीक माना जा रहा है।

पीएम मोदी का विजन और आज का कार्यक्रम

सरकार का दावा है कि इन दोनों परियोजनाओं से दिल्ली और एनसीआर में जाम की समस्या कम होगी, यात्रा समय घटेगा और औद्योगिक व आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। ये परियोजनाएं पीएम मोदी के विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के विजन का हिस्सा हैं।

आज दोपहर रोहिणी में होने वाले इस कार्यक्रम में पीएम मोदी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसमें बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी की संभावना है।

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment