रांची। निशा भगत आत्महत्या मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जांच अपने हाथ में लेते हुए 16 नवंबर को आधिकारिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दिल्ली सीबीआई की विशेष अपराध शाखा-1 ने इस प्रकरण में नई प्राथमिकी दर्ज की है। एजेंसी ने रांची के पिठौरिया थाने में पहले से दर्ज कांड संख्या 114/2026 को ही आधार बनाया है, जिसे निशा भगत के पिता हंदू भगत की शिकायत पर दर्ज किया गया था।
अजय तिर्की और ज्योत्सना के आवास पर घंटों चली छानबीन
केस दर्ज करने के बाद सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने रांची में कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। एक टीम शाम करीब 4:20 बजे पहाड़ी टोला स्थित आरोपी अजय तिर्की के आवास पर पहुंची। यहां अधिकारियों ने रात लगभग 11:16 बजे तक छानबीन और पूछताछ की। जांच के दौरान टीम ने अजय तिर्की और उनके परिजनों के मोबाइल फोन, दस्तावेज तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की और कई सामग्रियां जब्त कीं।
इसी दौरान सीबीआई की एक दूसरी टीम ने मामले की एक अन्य नामजद आरोपी ज्योत्सना केरकेट्टा के नगड़ाटोली स्थित आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया।
पिठौरिया में क्राइम सीन रीक्रिएट
जांच एजेंसी की एक तीसरी टीम पिठौरिया के डहूटोली स्थित निशा भगत के उस घर पर पहुंची, जहां 6 नवंबर को यह घटना हुई थी। अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर क्राइम सीन रीक्रिएट किया और मौके से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की।
इसे भी पढ़ें:
विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ FIR की खबरों पर NCPCR का नोटिस, जांच के लिए रांची पहुंचेगी टीम














