Jharkhand Weather: झारखंड में फिर आफत बनकर बरसे बादल, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

Jharkhand Weather: झारखंड में फिर आफत बनकर बरसे बादल, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

झारखंड की राजधानी रांची समेत आस-पास के इलाकों में मंगलवार को अचानक बदले मौसम ने जहां गर्मी से राहत दिलाई, वहीं शहर की बदहाल व्यवस्था को भी उजागर कर दिया। दोपहर 2:30 बजे के करीब काले बादलों ने आसमान को ढंक लिया और अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश ने एक घंटे में ही ठंडक घोल दी।

इस झमाझम बारिश ने रांची की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। नालों से पानी उफनकर सड़कों पर बहने लगा, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। कई इलाकों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

तेज हवा और आंधी से उखड़े पेड़, ट्रैफिक अस्त-व्यस्त

तेज बारिश के साथ आई आंधी ने पेड़ों को धराशायी कर दिया। कोकर में तीन जगहों पर पेड़ गिर गए, जिससे सड़कों पर जाम लग गया। हालांकि, ट्रैफिक पुलिस ने हालात को संभाला और लोगों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया। कई वाहन चालकों को जाम से बचने के लिए कोकर इंडस्ट्रियल एरिया के रास्ते से आना-जाना पड़ा।

रविवार को भी इसी तरह की आंधी और बारिश ने शहर को नुकसान पहुंचाया था। बिजली के खंभे और पेड़ों के गिरने की घटनाएं दोहराई गईं। मंगलवार को एक बार फिर वही दृश्य सामने आया।

निचले इलाकों में जलजमाव, जनजीवन प्रभावित

निचले क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति ने आवागमन को और अधिक बाधित किया। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को परेशानी हुई।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 21 मई को पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

22 से 24 मई तक बारिश का सिलसिला रहेगा जारी

22, 23 और 24 मई को देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, धनबाद और जामताड़ा को छोड़ शेष जिलों में मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन दिनों तक राज्य में तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।

बीते 24 घंटे में झारखंड के अधिकांश इलाकों में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश देवघर के सिकटिया में 63.6 मिमी हुई। डाल्टेनगंज में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री और गुमला में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रांची का तापमान अधिकतम 33.3 और न्यूनतम 23.9 डिग्री रहा।

अलर्ट में रहें: बिजली गिरने और तेज हवा की आशंका

राज्य में कई हिस्सों में बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषकर खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है।

राज्य के मौसम में यह बदलाव न केवल गर्मी से राहत लाया है बल्कि नगर व्यवस्था की खामियों को भी उजागर कर गया है। आने वाले दिनों में बारिश का यह सिलसिला झारखंड के कई जिलों में जारी रह सकता है।

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment