रांची: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में न्याय की गुहार लगाने पहुंची एक महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए झारखंड सरकार की पूर्व मंत्री एवं कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने कहा कि इस घटना से पूरा राज्य शर्मसार हुआ है और अब महिलाएं न तो घर में सुरक्षित महसूस कर रही हैं और न ही थाने में।
डॉ. नीरा यादव ने कहा कि पति-पत्नी के आपसी विवाद को लेकर एक महिला न्याय के लिए गम्हरिया थाने पहुंची थी। रात अधिक होने और असुरक्षा के भय के कारण वह थाना परिसर में ही रुक गई थी, लेकिन जिस खाकी वर्दी पर सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी ने उसकी अस्मिता पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि संकट के समय आम जनता पुलिस को सुरक्षा का सहारा मानती है, लेकिन इस घटना ने पुलिस की साख और जनता के विश्वास को गहरी चोट पहुंचाई है।
त्वरित न्याय और जवाबदेही तय करने की मांग
पूर्व मंत्री ने राज्य सरकार से मांग की कि पीड़िता को अविलंब त्वरित न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सवाल किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था का इकबाल दोबारा कैसे बहाल होगा, सरकार यह स्पष्ट करे। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी और अपराधियों के मन में कानून का भय नहीं बैठेगा, तब तक स्थिति में सुधार नहीं हो सकता।
रविवार को 595 सांगठनिक मंडलों में पुतला दहन का ऐलान
इस घटना के विरोध में भाजपा ने राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। डॉ. नीरा यादव ने बताया कि घटना के विरोध में रविवार की शाम राज्य के सभी 595 सांगठनिक मंडलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया जाएगा।
कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर लगाए गंभीर आरोप
प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष पद छह वर्षों से अधिक समय से रिक्त पड़ा है, जिससे महिलाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में अपराध और असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ा है तथा महिलाएं घर से बाहर निकलने, बाजार जाने या थाने जाने में असुरक्षित महसूस कर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने राज्य में नशे के बढ़ते कारोबार और कथित घुसपैठ को लेकर भी गठबंधन सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
प्रेस वार्ता में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह और प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी मौजूद थीं।
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 2 नवंबर से भाजपा निकालेगी पदयात्रा, पहले चरण में रांची समेत 6 जिलों में कार्यक्रम; जिला प्रभारियों की सूची जारी
इसे भी पढ़ें: रांची में भाजपा कार्यसमिति का राजनीतिक प्रस्ताव पारित, हेमंत सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने का संकल्प
इसे भी पढ़ें: हेमंत सरकार के खिलाफ जनमुद्दों पर संघर्ष तेज करें कार्यकर्ता: सौदान सिंह














