यज्ञ यात्रा के दौरान बवाल, झुरझुरी गांव में हिंसा और आगजनी से मचा हड़कंप

यज्ञ यात्रा के दौरान बवाल, झुरझुरी गांव में हिंसा और आगजनी से मचा हड़कंप

Hazaribagh: बरकट्ठा थाना क्षेत्र अंतर्गत झुरझुरी गांव में रविवार को यज्ञ यात्रा के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। साथ ही उपद्रवियों ने कई घरों में आग लगा दी और पुआल समेत अन्य सामान को जलाकर खाक कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, झुरझुरी गांव में एक धार्मिक कार्यक्रम के तहत नगर भ्रमण का आयोजन किया गया था। तय कार्यक्रम के अनुसार यात्रा जैसे ही गांव में पहुंची, कुछ असामाजिक तत्वों ने उस पर पथराव कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया और मामला हिंसक झड़प में तब्दील हो गया।

आधा दर्जन स्थानों पर लगी आग, हालात तनावपूर्ण

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हिंसा के दौरान गांव में करीब आधा दर्जन स्थानों पर आगजनी की घटनाएं हुईं। कई घरों के सामान को आग के हवाले कर दिया गया। इस दौरान अफरातफरी का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और उन्होंने बरकट्ठा थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग जीटी रोड को जाम कर दिया। इससे इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने इलाके में भारी संख्या में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी है।

हजारीबाग एसपी ने दी स्थिति की जानकारी

हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो पक्षों के बीच पथराव और आगजनी की घटनाएं हुई हैं। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि कोई भ्रामक सूचना या अफवाह न फैले। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।

फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस की सतर्क निगरानी जारी है और हालात सामान्य करने के प्रयास तेज़ कर दिए गए हैं। प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment