राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘Poor Lady’ कहने पर भड़की भाजपा, सोनिया गांधी का कड़ा विरोध

Subhash Shekhar
3 Min Read

Ranchi: सोनिया गांधी द्वारा महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘Poor Lady’ कहे जाने पर प्रदेश भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा नेताओं ने इस बयान को न केवल अशोभनीय बताया, बल्कि इसे आदिवासी समाज और महिलाओं का अपमान भी करार दिया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस बयान की निंदा करते हुए कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन एक आदिवासी महिला को इस तरह संबोधित करना कांग्रेस की सामंतवादी मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने सवाल किया कि गांधी परिवार केवल अपने लोगों को ही उच्च संवैधानिक पदों के योग्य क्यों समझता है?

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी कांग्रेस के रवैये की आलोचना की। उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस संविधान की दुहाई देकर वोट मांगती है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रपति पद की गरिमा को ठेस पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का असली चरित्र है, जो आदिवासी समाज और महिलाओं के प्रति उनके दृष्टिकोण को दर्शाता है।

भाजपा ने सोनिया गांधी से मांगी माफी

भाजपा नेताओं ने इस बयान को आदिवासी समाज का सीधा अपमान बताया। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि कांग्रेस को यह स्वीकार करने में समस्या है कि एक आदिवासी महिला देश के सर्वोच्च पद पर बैठी है। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी आदिवासी समाज के साथ-साथ पूरे महिला समुदाय के लिए अपमानजनक है।

- Advertisement -

भाजपा नेताओं ने सोनिया गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस आदिवासियों का सम्मान नहीं कर सकती, तो कम से कम राष्ट्रपति पद की गरिमा का सम्मान करें।

आदिवासी समाज में बढ़ता आक्रोश

इस बयान के बाद आदिवासी समाज में भी गहरा रोष देखा जा रहा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास आदिवासी विरोधी रहा है। चाहे वह आदिवासी धर्म कोड हटाने का मामला हो या फिर आंदोलनों को कुचलने के लिए गोली चलवाने की घटनाएं, कांग्रेस हमेशा आदिवासियों के खिलाफ खड़ी रही है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को पहली बार एक आदिवासी महिला राष्ट्रपति मिली है, जो पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति मुर्मू का अपमान न तो आदिवासी समाज और न ही भाजपा बर्दाश्त करेगी।

प्रदेश भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि सोनिया गांधी अपने बयान पर माफी नहीं मांगतीं, तो पूरे राज्य में कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Share This Article
Follow:
सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।
Leave a comment

Leave a Reply