Ranchi | धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस को लेकर झारखंड प्रदेश भाजपा 13 से 15 नवंबर तक तीन दिवसीय पदयात्रा निकालेगी। करीब 73 किलोमीटर की यह पदयात्रा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू (खूंटी) से शुरू होकर रांची के कोकर स्थित उनके समाधि स्थल तक जाएगी। इसके अलावा, 17 से 20 नवंबर के बीच राज्य के विभिन्न प्रमंडलों में जनजातीय गौरव सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद समीर उरांव ने पार्टी की एक प्रेस वार्ता में यह कार्यक्रम साझा किया। उन्होंने बताया कि केंद्र स्तर पर 11 से 18 नवंबर तक देश भर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है।
तीन दिन में कैसे आगे बढ़ेगी पदयात्रा
पार्टी की ओर से जारी रूट चार्ट के अनुसार पदयात्रा का कार्यक्रम इस तरह रहेगा:
- 13 नवंबर: सुबह 10 बजे उलिहातू (अड़की मंडल) से पदयात्रा शुरू होगी। सायको मोड़ और झीलकिता मोड़ होते हुए पदयात्रा खूंटी पहुंचेगी। शाम 6 बजे खूंटी स्थित भाजपा कार्यालय में रात्रि विश्राम होगा।
- 14 नवंबर: सुबह 10 बजे खूंटी से आगे बढ़ते हुए दल कालामाटी, तुपुदाना, हटिया, बिरसा चौक और अल्बर्ट एक्का चौक (फिरायालाल) पार करेगा। शाम 6 बजे जेल चौक स्थित बिरसा मुंडा संग्रहालय में दूसरा पड़ाव होगा।
- 15 नवंबर: सुबह 9 बजे जेल चौक से पदयात्रा शुरू होगी, जिसमें रांची के तीनों सांगठनिक जिलों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। सुबह 11 बजे कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पहुंचकर श्रद्धांजलि देने के साथ पदयात्रा समाप्त होगी।
17 से 20 नवंबर तक प्रमंडलों में सम्मेलन
पदयात्रा के बाद अलग-अलग इलाकों में जनजातीय गौरव सम्मेलन होंगे:
- 17 नवंबर (दक्षिणी छोटानागपुर): गुमला जिले के सिसई रेडवा बगीचा और रायडीह में कार्यक्रम। मुख्य वक्ता के रूप में समीर उरांव, सुदर्शन भगत, दिनेश उरांव, शिवशंकर उरांव, अरुण उरांव, गंगोत्री कुजूर और कमलेश उरांव मौजूद रहेंगे।
- 18 नवंबर (संथाल परगना): साहेबगंज के भोगनाडीह में सम्मेलन। साहेबगंज, पाकुड़, दुमका और गोड्डा की भागीदारी रहेगी। बाबूलाल मरांडी और चंपई सोरेन मुख्य वक्ता होंगे।
- 18 नवंबर (कोल्हान): चाईबासा में आयोजन, जिसमें कोल्हान प्रमंडल के जिले शामिल होंगे। अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, गीता कोड़ा, जे.बी. तुबिद, शशिभूषण सामड़, गुरूचरण नायक, मेनका सरदार और मीरा मुंडा संबोधित करेंगे।
- 19 नवंबर (पलामू): दूबियाखार (मेदिनीराय चौक) में सम्मेलन। पलामू, गढ़वा और लातेहार के कार्यकर्ता जुटेंगे। कालीचरण सिंह, बी.डी. राम, सुनील सिंह, भानू प्रताप शाही, सत्यनारायण तिवारी, जय प्रकाश भोगता, प्रकाश राम, आलोक चौरसिया, शशिभूषण मेहता और रामचंद्र चंद्रवंशी वक्ता रहेंगे।
- 19 नवंबर (दक्षिणी छोटानागपुर): सिलागाई में कार्यक्रम। रांची महानगर, रांची पूर्वी, पश्चिमी और लोहरदगा की भागीदारी होगी। आदित्य साहू, रामकुमार पाहन और दीपक प्रकाश शामिल रहेंगे।
- 20 नवंबर (दक्षिणी छोटानागपुर): गुमला के विशुनपुर (चिंगरी) में सम्मेलन, जहां पूर्व सांसद समीर उरांव सहित अन्य नेता मौजूद रहेंगे।
समीर उरांव ने प्रेस वार्ता में कहा कि इस अभियान का मकसद उलगुलान के नायक भगवान बिरसा मुंडा और अन्य जनजातीय महापुरुषों के जल, जंगल, जमीन के संघर्ष और इतिहास को जन-जन तक पहुंचाना है। इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन और भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो भी मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें: झारखंड स्थापना दिवस 2026: रांची में प्रतिभा सम्मान, उलिहातू में बिरसा महोत्सव की तैयारी














