ताज़ा खबरें
लोड हो रहा है... ताज़ा खबरों के लिए बने रहें...
विज्ञापन
झारखंड राजनीति

न्यूज़ चैनल दफ्तर में पुलिस कार्रवाई पर भड़के दीपक प्रकाश, विधायक भूषण बाड़ा को बचाने का लगाया आरोप

रांची: झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे यौन शोषण के आरोपों और इस मामले की खबर दिखाने वाले एक न्यूज़ चैनल के कार्यालय में हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और पुलिस प्रशासन आरोपी विधायक को बचाने के लिए मीडिया की आवाज दबाने की कोशिश कर रहे हैं।

दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि रांची और सिमडेगा पुलिस ने रात के समय हरमू स्थित एक समाचार चैनल के दफ्तर में सादे लिबास में बिना सर्च वारंट के घुसकर तलाशी ली और दबाव बनाया। उनके मुताबिक, पुलिस अधिकारी दफ्तर से कीमती सामान और उपकरण साथ ले गए, लेकिन इसके लिए कोई पंचनामा या जब्ती सूची तैयार नहीं की गई। उन्होंने इस घटना को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताते हुए इसकी तुलना 1975 के आपातकाल और 1982 में संयुक्त बिहार की तत्कालीन जगन्नाथ मिश्रा सरकार द्वारा लाए गए प्रेस बिल से की।

Advertisement

विधायक पर लगाए गंभीर आरोप, पुराने मुकदमों का दिया हवाला

प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि 13 नवंबर को सिमडेगा की एक 14 वर्षीय नाबालिग आदिवासी बालिका ने विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म और यौन शोषण की प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि रांची के न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 183 के तहत पीड़िता का बयान दर्ज होने के बाद से सरकार और कांग्रेस पार्टी बौखला गई है।

दीपक प्रकाश ने विधायक के 2019 और 2024 के चुनावी हलफनामों का हवाला देते हुए दावा किया कि उन पर पहले से यौन शोषण से जुड़े दो मुकदमे (एमएलए/एमपी केस संख्या 5/21 और सिमडेगा महिला थाना कांड संख्या जीआर 320/19) दर्ज हैं। उन्होंने सिमडेगा के उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) पर भी विधायक को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी और कांग्रेस की चुप्पी पर उठाए सवाल

भाजपा नेता ने कांग्रेस नेतृत्व और राहुल गांधी से सवाल किया कि पूर्व में यौन शोषण के मुकदमे दर्ज होने के बावजूद पार्टी ने भूषण बाड़ा को 2019 और 2024 में टिकट किस आधार पर दिया। उन्होंने पूछा कि ताजा आरोप सामने आने के बाद भी कांग्रेस ने अब तक विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की है।

इसके अलावा, दीपक प्रकाश ने राज्य में पत्रकारों पर हमलों और मुकदमों का जिक्र करते हुए बैजनाथ महतो, अनवर शरीफ, महादेव कुमार, अविनाश मंडल, आशीष कुमार, सुशांत कुमार, बसंत साहू, रूपेश कुमार सिंह, सोनू अंसारी, गुंजन कुमार, आशुतोष चतुर्वेदी, विजयकांत पाठक, राजीव झावर, अमन चोपड़ा और हजारीबाग प्रेस क्लब से जुड़े मामलों की चर्चा की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यौन शोषण के आरोपी विधायक की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई और मीडिया के खिलाफ कार्रवाई बंद नहीं की गई, तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। इस प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव और मीडिया सह-प्रभारी नीरज सिंह भी मौजूद थे।

इसे भी पढ़ें:

विधायक भूषण बाड़ा पर खबर के बाद पत्रकार अभिषेक भारती पर POCSO केस और आधी रात छापेमारी; जानें पूरा विवाद और कानूनी सवाल

भूषण बाड़ा प्रकरण पर बाबूलाल मरांडी ने पुलिस और कांग्रेस को घेरा, कहा- पहले अपने बयानों में तालमेल बैठाए पार्टी

Related Stories & Ads

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now