भंडरा (लोहरदगा)। जिले के भंडरा थाना क्षेत्र स्थित कुंबा टोली बस्ती में रविवार देर रात दोहरी हत्या की वारदात सामने आई है। यहां लैंपस कार्यालय के समीप रहने वाले सोनू लहेरी पर अपनी 28 वर्षीय पत्नी पूजा देवी और बिहार के पटना जिले के बाढ़ निवासी रोहित लहेरी की टांगी से काटकर हत्या करने का आरोप है। घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और आरोपी पति सोनू लहेरी को गिरफ्तार कर लिया।
भंडरा थाना प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि इस दोहरे हत्याकांड को सोनू लहेरी ने अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
अवैध संबंध की बात आई सामने
परिजनों के मुताबिक, पूजा देवी और पटना के बाढ़ निवासी रोहित लहेरी के बीच कथित तौर पर प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि दोनों का संपर्क फेसबुक के जरिए हुआ था। रविवार को रोहित लहेरी पूजा देवी से मिलने के लिए पटना से कुंबा टोली आया हुआ था।
परिजनों का कहना है कि रविवार देर रात सोनू लहेरी ने अपनी पत्नी और रोहित को घर के भीतर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद आवेश में आकर उसने टांगी से हमला कर दोनों की जान ले ली। हमले में पत्नी का सिर धड़ से अलग हो गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।












