बोकारो: बोकारो जनरल हॉस्पिटल (BGH) में कर्मचारियों द्वारा एक नवजात बच्ची को दो लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव देने का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चास अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) के निर्देश पर सेक्टर-4 थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के सर्कस मैदान निवासी मनोज कुमार के अनुसार, उनकी पत्नी सोनी कुमारी 29 अक्टूबर को BGH में भर्ती हुई थीं। उसी दिन शाम करीब 5 बजे सामान्य प्रसव से उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया। मनोज कुमार का आरोप है कि अस्पताल की एक महिला सफाई कर्मचारी और तीन नर्सों ने उनसे कहा कि वे गरीब हैं और बच्ची का भरण-पोषण नहीं कर पाएंगे, इसलिए बच्ची को दो लाख रुपये में बेच दें।
बच्ची के पिता का कहना है कि उन्होंने इस प्रस्ताव को सिरे से ठुकरा दिया। आरोप है कि इसके बाद से उन्हें अपनी पत्नी से मिलने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है, जिसमें कथित तौर पर नवजात के माता-पिता और एक सफाई कर्मचारी के बीच सौदे को लेकर बातचीत होना बताया जा रहा है।
मामला सामने आने के बाद चास SDO के निर्देश पर सेक्टर-4 थाना प्रभारी नीतीश कुमार जांच के लिए अस्पताल पहुंचे। थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट वरीय पदाधिकारियों को सौंपी जाएगी।
वहीं, मामले को लेकर बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के चीफ ऑफ कम्युनिकेशन मणिकांत धान ने कहा कि फिलहाल अस्पताल प्रबंधन के पास इस तरह की कोई लिखित या औपचारिक शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी।
इसे भी पढ़ें: देवी मंदिर के पास छोड़ी गई नवजात, बलि की आशंका के बीच ग्रामीणों ने मां को पकड़ा
इसे भी पढ़ें: बोकारो DC आवास परिसर में मंदिर निर्माण पर सवाल, सुप्रीम कोर्ट के आदेश का मुद्दा उठा














