ताज़ा खबरें
लोड हो रहा है... ताज़ा खबरों के लिए बने रहें...
विज्ञापन
झारखंड राजनीति

भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति: राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस और राज्य सरकार पर साधा निशाना

रांची: भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय झारखंड प्रदेश कार्यसमिति बैठक का उद्घाटन सत्र रांची के कांके (सुकुरहुटू) स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित हुआ। बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस और राज्य की मौजूदा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश में संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देशविरोधी ताकतों के टूलकिट के रूप में कार्य कर रहे हैं, जिसका संचालन विदेशों से हो रहा है।

कार्यसमिति में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झारखंड भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है और पार्टी कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष तेज करना चाहिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राज्य में युवाओं और छात्रों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणालियों में अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर कांग्रेस मौन साधे रही। इसके अलावा उन्होंने विपक्ष पर नागरिकों के अधिकारों की तुलना में घुसपैठियों को संरक्षण देने की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

Advertisement

इसे भी पढ़ें: झारखंड की कानून व्यवस्था पर भाजपा का हमला, के.के. गुप्ता बोले—अपराधियों में प्रशासन का डर नहीं

झारखंड से जुड़ाव और संगठनात्मक संकल्प

अपने संबोधन में उन्होंने झारखंड को अपनी जन्मभूमि और शिक्षा का केंद्र बताते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बने इस राज्य के विकास के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित किए जाने और द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने आदिवासी समाज को हमेशा सम्मान दिया है।

कार्यसमिति की मुख्य बैठक से पहले उन्होंने राज्य के सभी 31 सांगठनिक जिलों के अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक कर संगठन की समीक्षा की तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर मार्गदर्शन दिया।

झारखंड से जुड़ाव और संगठनात्मक संकल्प

प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार को घेरा

बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने अपने संबोधन में राज्य की मौजूदा सरकार पर भ्रष्टाचार और खनिज संपदा की लूट का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषा और रोजगार से जुड़े मामलों में युवाओं के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने गरीबों और वंचितों के कल्याण के लिए काम किया है तथा देश में उग्रवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं।

बैठक का शुभारंभ पार्टी के पुरोधा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण और राष्ट्रगीत के साथ हुआ। मंच संचालन प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा, चम्पई सोरेन सहित पार्टी के प्रमुख सांसद, विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें: पलामू में संजय सेठ का कांग्रेस पर हमला, विदेशी फंडिंग से अस्थिरता फैलाने का आरोप

Related Stories & Ads

Subhash Shekhar

सुभाष शेखर पिछले दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। साल 2003 में बुंडू (झारखंड) की जमीनी समस्याओं को आवाज देने से शुरू हुआ उनका सफर आज 'Local Khabar' के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रभात खबर, ताजा टीवी, नक्षत्र न्यूज और राष्ट्रीय खबर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में संपादकीय और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाले सुभाष, आज के दौर के उन गिने-चुने पत्रकारों में से हैं जो खबर की बारीकियों के साथ-साथ वेब डिजाइनिंग और SEO जैसी तकनीकी विधाओं में भी महारत रखते हैं। वे वर्तमान में Local Khabar के संस्थापक और संपादक के रूप में झारखंड की जनपक्षीय खबरों का नेतृत्व कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now