रांची: रांची पुलिस लाइन में जुआ खेलने और इसे संचालित करने के गंभीर आरोप में 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन ने अनुशासनहीनता के इस मामले में संज्ञान लेते हुए सभी संबंधित जवानों के खिलाफ निलंबन के साथ-साथ विभागीय और कानूनी प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं।
सार्जेंट मेजर की छापेमारी के बाद हुई कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन परिसर में जुए का अड्डा चलने की सूचना पर सार्जेंट मेजर ने छापेमारी की थी। जांच के दौरान जवानों द्वारा वर्दी की मर्यादा और विभागीय अनुशासन के उल्लंघन की पुष्टि के बाद यह कार्रवाई की गई।
इसे भी पढ़ें: रांची में मुठभेड़: एक घायल समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
विभागीय जांच और कानूनी प्रक्रिया शुरू
आरोप है कि इन पुलिसकर्मियों ने नियमों को ताक पर रखकर जुए की गतिविधि में हिस्सा लिया और इसे बढ़ावा भी दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सभी 10 पुलिसकर्मियों को निलंबित करते हुए अग्रिम विभागीय जांच और कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।














