रांची: शहर को रेबीज मुक्त बनाने और आवारा कुत्तों (स्ट्रीट डॉग्स) के स्वास्थ्य संरक्षण को लेकर रांची नगर निगम ने 30 और 31 अक्टूबर 2026 को विशेष टीकाकरण-सह-रेस्क्यू अभियान संचालित किया। इस दो दिवसीय अभियान के दौरान विभिन्न संवेदनशील सार्वजनिक स्थलों से कुल 20 स्ट्रीट डॉग्स को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया गया।
रांची नगर निगम का यह अभियान विशेष रूप से सदर अस्पताल, झारखंड उच्च न्यायालय परिसर और रांची एयरपोर्ट क्षेत्र में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सदर अस्पताल परिसर से 09, झारखंड उच्च न्यायालय परिसर से 08 तथा एयरपोर्ट क्षेत्र से 03 स्ट्रीट डॉग्स रेस्क्यू किए गए।
निगम के पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निशांत की देखरेख में रेस्क्यू किए गए सभी 20 कुत्तों का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें एंटी-रेबीज का टीका लगाया गया। इसके उपरांत सभी स्ट्रीट डॉग्स को नसबंदी (Animal Birth Control – ABC) की प्रक्रिया के लिए एबीसी सेंटर भेज दिया गया है।
नगर निगम के अनुसार, रेस्क्यू, स्वास्थ्य परीक्षण, एंटी-रेबीज टीकाकरण और नसबंदी के जरिए शहर में रेबीज के प्रसार को रोकने तथा मानव-कुत्ता संघर्ष (द्वंद्व) को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें: रांची में छठ की तैयारी: 72 घाटों पर सफाई अभियान, खरना से मीट-मछली की दुकानें बंद रखने का निर्देश
नागरिकों के लिए हेल्पलाइन जारी
रांची नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्ट्रीट डॉग्स से जुड़ी किसी भी समस्या, सूचना अथवा शिकायत के लिए निगम के टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा नागरिक स्मार्ट रांची ऐप (Smart Ranchi App) अथवा निगम के व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 814-123-1235 के माध्यम से भी अपनी बात दर्ज करा सकते हैं।














