रांची। कांके रोड, मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम और रिम्स की चहारदीवारी के पास खाली जगहों पर हरियाली बढ़ाने की योजना है। रांची नगर निगम की बागवानी शाखा ने शहर के 24 स्थानों पर ग्रीन पैच विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया है। निगम की 12 नवंबर की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सभी प्रस्तावित जगहों को मिलाकर काम की कुल लंबाई करीब 2,233 मीटर होगी।
कांके रोड पर छह जगहें प्रस्ताव में
कांके रोड पर सीएमपीडीआई से एलपीएन शाहदेव चौक तक छह जगहें चुनी गई हैं। मोरहाबादी में फुटबॉल स्टेडियम की चहारदीवारी के पास, भास्कर कॉम्प्लेक्स के सामने और रिम्स की चहारदीवारी के पास भी ग्रीन पैच प्रस्तावित हैं।
कोकर में लक्ष्मी टावर और रामलखन सिंह यादव कॉलेज के सामने की जगहें सूची में हैं। प्लाजा चौक के ट्रैफिक बूथ के पास, लालपुर में इनकम टैक्स कॉलोनी और बीआईटी एक्सटेंशन की चहारदीवारी के पास, न्यूक्लियस मॉल से जेल मोड़ तक और जेल चौक से जेल पार्क की चहारदीवारी के किनारे भी हरियाली विकसित करने का प्रस्ताव है।
हरमू एमटीएस के पास, साउथ ऑफिस पाड़ा में ट्यूलिप गर्ल्स हॉस्टल के सामने, डोरंडा बाजार, कचहरी चौक, करमटोली चौक और बांधगाड़ी चौक भी सूची में हैं। लोवाडीह में असेंबली ऑफ गॉड चर्च के पास और खेलगांव के आसपास की जगहें भी इसमें शामिल हैं।
पौधों की देखभाल और सिंचाई का भी इंतजाम
नगर निगम के मुताबिक, शहर में इससे पहले 19 अन्य स्थानों पर ग्रीन पैच बनाए जा चुके हैं। नई जगहों पर पौधों की नियमित देखभाल, जरूरत के अनुसार सिंचाई और साफ-सफाई की व्यवस्था करने की बात कही गई है। विज्ञप्ति में काम शुरू होने या पूरा होने की तारीख नहीं दी गई है।
इसे भी पढ़ें: रांची रिंग रोड पर ग्रीन मोबिलिटी कॉरिडोर और हरित पट्टी की योजना














