Ranchi | रांची में दुर्गा पूजा पंडाल घूमने की तैयारी है तो निकलने से पहले पार्किंग और वाहन प्रतिबंध की जानकारी देख लें। जानकारी के अनुसार 20 अक्टूबर को मेन रोड पर दोपहर 12:00 बजे से लोगों की भीड़ शुरु हो जाएगी। इसे देखते हुए शहर के मुख्य सड़कों पर छोटे वाहनों के एंट्री पर रोक है। निर्धारित स्थान पर गाड़ी खड़ी करके आगे पैदल जाना पड़ सकता है।
लाइव अपडेट : फिलहाल पंडालवार कतार की लंबाई, दर्शन में लगने वाले मिनट और पार्किंग में खाली जगह की लाइव जानकारी अपडेट करा रहे हैं। नीचे भीड़ संबंधी खबरों के साथ उनका समय दिया गया है।
Live Updates लाइव अपडेट्स
आखिरी अपडेट:
आज 20 अक्टूबर को रांची में ज्यादा भीड़ की आशंका
रांची के मोरहाबादी और अरगोड़ा में रावण दहन को देखते हुए शहर में उम्मीद से ज्यादा भीड़ की आशंका है। लोग एक साथ रावण दहन का कार्यक्रम और दुर्गा पूजा पंडाल देखने के लिए सुदूर गांवों से रांची पहुंचेंगे।
पंडाल दर्शन के लिए प्रशासन की अहम सलाह, इन बातों का रखें ध्यान
दुर्गा पूजा पंडालों में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पूजा समितियों ने श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
पंडाल दर्शन के लिए निकलने वाले लोग पार्किंग स्थल से मुख्य द्वार तक पैदल चलने की मानसिक तैयारी रखें। गाड़ी पार्क करने के बाद उस स्थान की एक तस्वीर अपने मोबाइल में सुरक्षित रख लें, ताकि लौटते समय वाहन ढूंढने में परेशानी न हो। इसके साथ ही, भीड़ में परिजनों या दोस्तों से बिछड़ने की स्थिति से बचने के लिए पहले से ही कोई एक निश्चित मीटिंग पॉइंट तय कर लें।
पंडाल के प्रवेश और निकास द्वार के ठीक सामने रुककर सेल्फी या तस्वीरें न खींचें, ताकि कतार की रफ्तार धीमी न पड़े। यदि भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेड पर प्रवेश कुछ समय के लिए रोका जाता है, तो शांति बनाए रखें और वहां तैनात पुलिस बल व स्वयंसेवकों के निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
फिरायालाल और मेन रोड पर निजी वाहन व ऑटो बैन, जानें रूट डायवर्जन
दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण और सुगम यातायात के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन को लेकर नए प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
प्रतिबंधित समय के दौरान कचहरी–शहीद चौक–फिरायालाल–सुजाता चौक मार्ग पर निजी वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। इसके साथ ही न्यू मार्केट चौक से किशोरगंज चौक तक भी छोटे वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है।
यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए लालपुर से कोकर मार्ग को एकतरफा (वन-वे) किया गया है; ऐसे में कोकर से लालपुर की ओर जाने वाले वाहनों को कांटाटोली होकर गुजरना होगा। शहर में जाम से बचने के लिए श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए ही आगे बढ़ें।
रांची ट्रैफिक रूट व पार्किंग Live: दुर्गा पूजा पंडाल दर्शन से पहले जानें कहां पार्क करें वाहन
दुर्गा पूजा के दौरान शहर में जाम से बचने और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रांची ट्रैफिक पुलिस ने विभिन्न मार्गों और प्रमुख पंडालों के लिए पार्किंग व्यवस्था तय की है।
फिरायालाल से बकरी बाजार की ओर आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन जिला स्कूल और बालकृष्ण स्कूल परिसर में पार्क कर सकते हैं। वहीं डंगराटोली से सर्जना चौक की दिशा से आने वालों के लिए मिशन चौक और संत जॉन स्कूल के सामने पार्किंग तय की गई है। स्टेशन रोड स्थित पंडालों के दर्शन के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड से चुटिया थाना मोड़ तक की रेलवे पार्किंग का उपयोग किया जा सकता है।
इसके अलावा खेलगांव से कोकर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए रामलखन यादव कॉलेज परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जबकि कांके रोड से बकरी बाजार की तरफ जाने वाले लोग न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड के पास अपने वाहन खड़े कर सकते हैं। लालपुर से कोकर की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए साधु मैदान और बिजली कार्यालय के पास पार्किंग स्थल चिन्हित किया गया है।
रातू रोड के RR स्पोर्टिंग क्लब में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, शाम ढलते ही बढ़ी भीड़
राजधानी के रातू रोड स्थित आरआर स्पोर्टिंग क्लब के भव्य ‘टेम्पल ऑफ टूगेदर’ पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। रविवार शाम से शुरू हुआ भक्तों के आने का सिलसिला देर रात तक अनवरत जारी रहा।
आज भी सुबह 10 बजे से ही लोग दर्शन के लिए कतारों में जुटने लगे थे, जो दोपहर तक लगातार लंबी होती चली गई। अब शाम ढलने के साथ ही पंडाल परिसर और आसपास के रास्तों पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्लब के वॉलिंटियर्स और पुलिस बल मुस्तैद हैं।














