रांची। राज्य सरकार इस बार झारखंड स्थापना दिवस को पूरे एक पखवाड़े तक मनाएगी। मुख्य समारोह 28 नवंबर को हेमंत सरकार की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर रांची के खेलगांव में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में करीब आधा दर्जन बड़ी परियोजनाओं की नींव रखी जाएगी और कई नई योजनाओं की शुरुआत होगी।
रांची के नगड़ी में बनने वाले रिम्स-2 (RIMS-2) और जामताड़ा मेडिकल कॉलेज समेत कई योजनाओं के शिलान्यास की तैयारी चल रही है। हालांकि, इन परियोजनाओं के शिलान्यास पर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की स्वीकृति के बाद ही लिया जाएगा।
इससे पहले 18 नवंबर को राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक होनी है। इस बैठक में कुछ नई योजनाओं को मंजूरी दी जाएगी, जिन्हें 28 नवंबर के मुख्य समारोह में लांच किया जाएगा। मुख्यमंत्री इस मंच से कई सड़क परियोजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इसके लिए सभी जिलों से योजनाओं की सूची मांगी गई है और संबंधित अधिकारियों को जरूरी तैयारी पूरी करने को कहा गया है।
28 नवंबर को ये छात्र-छात्राएं होंगे सम्मानित
खेलगांव में होने वाले मुख्य समारोह में राज्य के मेधावी विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इनमें शामिल हैं:
- जैक (JAC), सीबीएसई (CBSE) और आईसीएसई (ICSE) बोर्ड की इस वर्ष की 10वीं और 12वीं परीक्षा के टॉपर।
- सरकारी कोचिंग कार्यक्रम ‘आकांक्षा योजना’ से जेईई मेन्स (JEE Mains) और नीट-यूजी (NEET-UG) पास करने वाले विद्यार्थी।
- सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के टॉपर।
- झारखंड ओलिंपियाड और आईसीटी (ICT) चैंपियनशिप के विजेता।
रविवार को ‘स्वच्छता के लिए दौड़’ से शुरुआत
स्थापना दिवस पखवाड़े की शुरुआत रविवार को सभी जिलों में ‘स्वच्छता के लिए दौड़’ से होगी। सुबह 7 बजे से 8 बजे तक चलने वाली इस दौड़ के बाद छठ घाटों की साफ-सफाई की जाएगी। सभी जिलों के उपायुक्तों को इस आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। रांची में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भी शामिल होने की संभावना है।
इसे भी पढ़ें:
चंपाई सोरेन ने रिम्स-2 की जमीन पर हल जोतने का किया ऐलान














